मंडी, सुरेंद्र राणा: केंद्रीय बजट को गरीब, युवा, महिला और किसानों का बजट बताया। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने सोमवार को मंडी में कही। तरुण चुग ने कहा कि हिमाचल की सरकार समोसे गिनने में व्यस्त है, जबकि देश के प्रधानमंत्री देश के भारत को विकसित देश बनाने में लगे हैं। हिमाचल प्रदेश में वित्तीय संकट लगातार गहराता जा रहा है और हर दिन अखबारों में सरकार की आर्थिक बदहाली की खबरें छप रही हैं।
सरकार कर्मचारियों की जेब काट रही है, लेकिन उनके वादों को पूरा करने की दिशा में एक भी कदम नहीं बढ़ाया गया। सरकार के अधिकारी खुद स्वीकार कर रहे हैं कि वे पेंशन और बिलों का भुगतान नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस डाल पर सुखविंदर सुक्खू बैठे हैं, उसी को सुखा दिया है। चुग ने कहा कि अब हिमाचल सरकार की नजर प्रदेश के मंदिरों के पैसे पर है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी का प्रयास है कि कैसे मंदिरों व पर्यटन स्थलों को पूरी दुनियां के साथ जोड़ा जाए। इस बजट में भी प्रदेश को हजारों करोड़ रुपए दिए गए हैं।
2014-2024 के दौरान 54000 करोड़ रुपए का टैक्स अनुदान प्रदेश को मिला है, जबकि कांग्रेस सरकार 2004-2014 में मात्र 12639 करोड़ रुपए मिले हैं। बजट से स्पष्ट पता चलता है कि पिछले 11 वर्षों से भारत कितना आगे बढ़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ज्ञान और टाइम की जो नई परिभाषा दी है, उसके तहत समाज के हर वर्ग को बल मिला है।
