शिमला, सुरेन्द्र राणा: प्रदेश में कांग्रेस संगठन के गठन की प्रक्रिया अब तेज होने की संभावना है। कांग्रेस के तमाम पदाधिकारी हाइकमान के इशारे का इंतजार कर रहे हैं। हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला को बदलने के साथ ही अब राज्य में भी बड़े बदलाव होने की संभावना बन गई है। संगठन में ब्लॉक से राज्य स्तर तक बदलाव को लेकर शुरू हुई उठापटक अब सीधे प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव की संभावनाएं भी बढ़ा रही हैं।
हिमाचल में प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह का कार्यकाल इसी साल खत्म हो रहा है। ऐसे में कांग्रेस का एक धड़ा इस दबाव के साथ भी काम रहा है कि हिमाचल प्रभारी के बाद अब प्रदेशाध्यक्ष का चुनाव हो और उसके बाद ब्लॉक, जिला और प्रदेश में कार्यकारिणी के दूसरे पद भरे जाएं। प्रतिभा सिंह का पद हिमाचल की राजनीति में काफी अहम है।पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के जमाने से होलीलॉज प्रदेश की राजनीति का गढ़ रहा है। प्रदेश के कई राजनीति फैसले वीरभद्र सिंह के समय में यहीं से होते रहे हैं। इस समय होलीलॉज प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उनके बेटे पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने संभाल रखा है। प्रतिभा सिंह प्रदेशाध्यक्ष के पद से हटती हैं, तो यह कांग्रेस की कई सालों की विरासत को भी तगड़ा झटका लगने जैसा होगा।संगठन के लोगों को सरकार में चाहती हैं प्रतिभा सिंहअब तक प्रतिभा सिंह मुखर होकर संगठन के लोगों को सरकार में जगह देने की वकालत करती रही हैं। ऐसे में प्रतिभा सिंह प्रदेशाध्यक्ष पद से हटती हैं, तो उन पदाधिकारियों का भविष्य भी संकट में आ जाएगा, जो उनकी सिफारिश से अहम पद हासिल करने में कामयाब रहे थे। अभी कांग्रेस संगठन के गठन को लेकर लंबे समय से कवायद चल रही है।
राज्य में इस समय प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के अलावा कोई भी दूसरा पदाधिकारी नहीं है। हाइकमान ने पहले प्रतिभा सिंह को संगठन के गठन का जिम्मा सौंपा था, लेकिन बाद में इस प्रक्रिया को बदल दिया गया। दिल्ली से हाइकमान ने ऑब्जर्वर तैनात कर संगठन के चुनाव की प्रक्रिया को ब्लॉक स्तर तक जोड़ दिया। मौजूदा समय में ब्लॉक स्तर से आई सिफारिशों को ऑब्जर्वर हाइकमान को सौंप चुके हैं और इनके आधार पर ही आगामी फैसला होने की उम्मीद है, लेकिन पूर्व हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला की विदाई के साथ ही अब चीजें आसानी से पूरी नहीं होंगी। मुख्यमंत्री सुक्खू दिल्ली जा रहे हैं और वह नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी दिल्ली जा सकती हैं। प्रतिभा सिंह की दिल्ली में हिमाचल प्रभारी समेत बड़े नेताओं से मुलाकात होगी और इस मुलाकात के साथ ही कांग्रेस संगठन के गठन पर छाई धुंध भी छंट जाएगी।
