राहुल गांधी का विदेश दौरा, डॉ मनमोहन सिंह का अपमान: चुग

Spread the love

चंडीगढ़, सुरेंद्र राणा:भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुग ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विदेश दौरे पर कड़ा प्रहार किया है। चुग ने कहा कि जब देश अपने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरे शोक में है, तब राहुल गांधी ने नया साल मनाने के लिए विदेश जाने का निर्णय लिया। यह गांधी परिवार और कांग्रेस पार्टी की देश के दिवंगत नेताओं के प्रति असंवेदनशीलता और खोखले सम्मान को उजागर करता है।

चुग ने जोड़ा कि कांग्रेस का इतिहास अपने वरिष्ठ नेताओं का अपमान करने और उनके योगदान की अनदेखी करने का रहा है। राहुल गांधी ने भी इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए डॉ. मनमोहन सिंह के प्रति अनादर दिखाया है। कांग्रेस का नेतृत्व केवल नेहरू-गांधी परिवार के इर्द-गिर्द घूमता है।

चुग ने कहा, “यह वही कांग्रेस है जिसने डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री रहते हुए लगातार अपमानित किया। सोनिया गांधी को ‘सुपर पीएम’ बनाकर उनके अनुभव और क्षमता को दरकिनार किया गया। राहुल गांधी ने तो एक बार उनकी कैबिनेट द्वारा पारित अध्यादेश को सार्वजनिक रूप से फाड़कर डॉ. सिंह के साथ-साथ प्रधानमंत्री पद की गरिमा का भी अपमान किया।”

चुग ने आरोप लगाया कि गांधी परिवार ने नेहरू, अंबेडकर, सरदार पटेल, लाल बहादुर शास्त्री और पी.वी. नरसिम्हा राव जैसे राष्ट्रीय नेताओं का हमेशा अपमान किया है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी प्रधानमंत्रियों को सम्मान देने के लिए प्रधानमंत्री संग्रहालय की स्थापना की। इसके विपरीत, कांग्रेस ने केवल नेहरू-गांधी परिवार के नाम पर स्मारक और योजनाओं का नामकरण किया है।”

चुग ने कांग्रेस पार्टी के नेताओं पर डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कैबिनेट ने डॉ. सिंह की स्मृति में स्मारक निर्माण का निर्णय लिया, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस नेताओं ने झूठे आरोप लगाकर उनके निधन पर राजनीति की।

चुग ने राहुल गांधी से पूछा, “क्या यह गांधी परिवार का आदर्श है कि जब पूरा देश शोक में हो, तब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष जैसी संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति विदेश में छुट्टियां मनाएं?” चुग ने अंत में कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस को अपनी इस घटिया राजनीति से बाहर निकलकर देशहित में काम करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *