शिमला पहुंचीं प्रियंका, यहीं से प्रचार के लिए जाएंगी हरियाणा और जम्मू-कश्मीर

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव व हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में स्टार प्रचारक प्रियंका वाड्रा शिमला पहुंच गईं हैं। रविवार दोपहर को करीब एक बजे प्रियंका का काफिला कड़ी सुरक्षा के बीच शिमला के छराबड़ा के लिए रवाना हुआ।

बताया जा रहा है कि प्रियंका दिल्ली से सुबह 5 बजे सड़क मार्ग से शिमला के लिए रवाना हुईं थीं। दोपहर के समय वह शिमला पहुंचीं। शिमला से ही वह देश की सियासत व दो राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की गतिविधियों पर नजर रखेंगी। प्रियंका का यह निजी दौरा है। इस दौरान उनका किसी से भी मिलने का कार्यक्रम नहीं है। हरियाणा व जम्मू-कश्मीर में इन दिनों प्रचार अभियान जोरों पर है। इसी बीच प्रियंका शिमला आई हैं।

चर्चा है कि वह अगले कुछ दिन यहीं रुकेंगी। इसके बाद प्रियंका प्रचार के लिए हरियाणा व जम्मू-कश्मीर जाएंगी। शिमला के छराबड़ा में प्रियंका वाड्रा का अपना घर है। अकसर वह यहां छुट्टियां मनाने के लिए आती हैं। हिमाचल विधानसभा चुनाव के दौरान वह शिमला में ही रुकी थीं। प्रचार व रैलियों के लिए वह यहीं से ही जाती थीं। हालांकि यह उनका निजी दौरा है, लेकिन कई बार प्रदेश के नेता राजनीतिक मसलों को लेकर उनसे मिलने के लिए पहुंच जाते हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *