मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बोले- पौंग के विस्थापितों के लिए कानून भी बदलना पड़ा तो बदलेंगे

Spread the love

देहरा, सुरेन्द्र राणा: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को देहरा में कहा कि वह पौंग बांध विस्थापितों की समस्या को समझते हैं। हमारी सरकार किसी का घर खाली नहीं करवाती, बल्कि घर बनाने के लिए तीन गुना राशि देती है। देहरा की जनता और पौंग बांध विस्थापितों के लिए अगर कानून भी बदलना पड़े तो बदलेंगे। चुनाव आचार संहिता के कारण अभी किसी तरह की कोई घोषणा नहीं कर सकते। लेकिन, विस्थापितों की हरसंभव मदद की जाएगी। मुख्यमंत्री देहरा में कांग्रेस उम्मीदवार कमलेश ठाकुर के चुनाव प्रचार के दौरान यूथ कांग्रेस के युवा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि पूर्व आजाद विधायक ने अपने राजनीतिक फायदे व लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए विधायकी बेची है। वह भाजपा की राजनीतिक मंडी में दूसरी बार विधायक बनने के 14 माह बाद ही बिक गए। देहरा की जनता को होशियार सिंह से पूछना चाहिए कि वह न कांग्रेस के थे न भाजपा के, फिर क्या मुसीबत आ पड़ी कि इस्तीफा दे दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिकने के बाद होशियार सिंह एक महीना देहरा विधानसभा क्षेत्र में नहीं आए।

सरकार गिराने में लगे रहे, इस्तीफा स्वीकार करवाने के लिए धरने पर बैठे। कोई आजाद विधायक ऐसे इस्तीफा नहीं देता, यह सामान से भरे उस अटैची का दबाव था जो भाजपा से मिला था। मुख्यमंत्री ने कहा कि होशियार सिंह बताएं, देहरा की जनता व सेंट्रल यूनिवर्सिटी के लिए उन्होंने कभी धरना दिया। सीएम ने कहा कि यह चुनाव ईमानदारी व बेईमानी के बीच है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बार एसोसिएशन देहरा के सदस्यों के साथ भी बैठक कर चुनाव के लिए सहयोग मांगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *