अब डिपुओं में ओटीपी के माध्यम से मिलेगा राशन

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा:प्रदेश सरकार उपभोक्ताओं को ओटीपी के माध्यम से राशन वितरित करने के लिए 20 जून से 30 जून तक ट्रायल रन करवाएगी। निदेशक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले रामकुमार गौतम ने बताया कि इसके तहत उचित मूल्य दुकानधारकों द्वारा राशन कार्ड में दर्ज सदस्यों में से किसी एक सदस्य के आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा तथा उनसे मोबाइल पर संपर्क करके ओटीपी की जानकारी ली जाएगी।

प्रदेश में वर्तमान में कुल 1960467 राशन कार्ड धारक हैं, जिनकी संख्या 7299045 है। इनमें से 99.84 प्रतिशत लोगों के आधार तथा 94.40 प्रतिशत का मोबाइल नंबर दर्ज किया जा चुका है। उपभोक्ताओं को ओटीपी प्राप्त होने के बारे में जानकारी हां या न में देनी होगी तथा ओटीपी किसी भी उचित मूल्य दुकानदार या अन्य किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करना है।

इस ट्रायल का उद्देश्य भविष्य में बायोमीट्रिक सैल में किसी प्रकार की समस्या आने पर ओटीपी के माध्यम से राशन वितरित करने की संभावना को तलाशना है ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। सभी दुकानदार, प्रत्येक राशनकार्ड में दर्ज किसी एक व्यक्ति के मोबाइल पर ओटीपी भेज कर उस व्यक्ति से फोन पर संपर्क करके ओटीपी प्राप्त होने की पुष्टि करेंगे। यदि ओटीपी उपभोक्ता को प्राप्त होता है, तो वे उस सदस्य की प्रविष्ट अपने पास दर्ज कर लेंगे। यदि उस व्यक्ति के मोबाइल पर ओटीपी नहीं आता है, तो उचित मूल्य दुकान धारक उसी राशन कार्ड में दर्ज किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल पर ओटीपी भेजेगा और ओटीपी प्राप्ति की पुष्टि होने के बाद संबंधित व्यक्ति का रिकार्ड अपने पास दर्ज कर लेगा।

दुकानदार के अलावा किसी को न बताएं ओटीपी

सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे केवल ओटीपी प्राप्त होने या न होने के बारे में जानकारी उचित मूल्य दुकानधारक के साथ साझा करें और किसी भी सूरत में ओटीपी किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *