प्रतिभा सिंह ने भाजपा के घोषणा पत्र पर साधा निशाना, कहा-अब नहीं चलने वाली जुमलेबाजी

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: केंद्रीय चुनाव समिति की दिल्ली में हुई बैठक में भाग लेने के बाद वापस शिमला पहुंचीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने केंद्र और प्रदेश भाजपा पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने भाजपा के घोषणा पत्र को जहां जुमलेबाजी करार दिया, वहीं केंद्र सरकार को उसके पुराने चुनावी वायदे भी याद दिलाए। रविवार को शिमला में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा को अपने चुनावी घोषणा पत्र जारी करने से पहले पूर्व में किए चुनावी वायदों का लेखा-जोखा भी जनता के सामने रखना चाहिए था। जनता को बताना चाहिए था कि उनसे किए कितनों वायदाें को पूरा किया और कितने वायदे जुमले बनकर रह गए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश में हो रहे अन्याय के खिलाफ न्याय की लड़ाई जारी रखेगी। देश की जनता भाजपा को भलीभांति समझ चुकी है। ऐसे में अब भाजपा की जुमलेबाजी नहीं चलने वाली क्योंकि देश भाजपा से मुक्ति की राह पर चल पड़ा है। लोकसभा चुनावों में भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ेगा।

भाजपा के पास सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं

प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस केंद्र की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों व निर्णयों, बढ़ती महंगाई बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश सरकार के 15 माह की उपलब्धियों को जनता के बीच रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों को ओल्ड पैंशन व महिलाओं को 1500 रुपए देने की गारंटी को पूरा कर एक इतिहास रचा है।

आलम यह है कि भाजपा के पास प्रदेश सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा नेता जनता को गुमराह करने के लिए ऊलजलूल बयानबाजी कर रहे हैं, उससे उन्हें चुनाव में कोई लाभ नहीं मिलने वाला है।

विक्रमादित्य-सुल्तानपुरी मजबूत प्रत्याशी, अन्यों की घोषणा जल्द

प्रतिभा सिंह ने कहा कि मंत्री विक्रमादित्य सिंह और विधायक विनोद सुल्तानपुरी युवा नेता हैं और पार्टी के मजबूत प्रत्याशी हैं। ऐसे में विक्रमादित्य को मंडी और सुल्तानपुरी को शिमला लोकसभा सीट से चुनाव में उतारा गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही कांगड़ा व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भी मजबूत प्रत्याशी घोषित कर दिए जाएंगे। कांग्रेस के पास जन बल है और पार्टी लोकसभा व विधानसभा उपचुनावों को मजबूती से लड़ेगी तथा जीतेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *