संगरूर में जहरीली शराब पीने से सगे भाइयों समेत चार की मौत, हाई पावर कमेटी का गठन; दो गिरफ्तार

Spread the love

पंजाब दस्तक:पंजाब के संगरूर में दिड़बा के नजदीकी गांव गुज्जरां में बुधवार को जहरीली शराब पीने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो व्यक्ति उपचाराधीन हैं। मरने वालों में दो व्यक्ति सगे भाई हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के लिए हाई पावर कमेटी का गठन करके 72 घंटे में रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए हैं। वहीं, पुलिस ने गांव के ही दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।

सिविल अस्पताल संगरूर में शवों का पोस्टमार्टम करवाने पहुंचे गांव गुज्जरां निवासियों ने बताया कि उनके गांव के भोला सिंह (50), परगट सिंह (42), निर्मल सिंह (42) और जगजीत सिंह (30) ने मंगलवार रात को गांव के ही किसी व्यक्ति से शराब लेकर पी थी।

सुबह लगभग 4 बजे के आसपास उनकी हालत बिगड़ी तो उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी रास्ते में ही मौत हो गई। इसके अलावा गांव के ही दो अन्य व्यक्तियों की शराब पीने से हालत बिगडी, जो अस्पताल में उपचाराधीन हैं। गांव के लोगों ने प्रदेश सरकार से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। मरने वाले सभी मजदूरी करते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *