गडरिये की भेड़ों की तरह घुमाए जा रहे बागी : सुक्खू

Spread the love

मंडी (काजल): गडरिये द्वारा भेड़ों की तरह कांग्रेस के अयोग्य घोषित 6 बागी विधायकों को घुमाया जा रहा है। यह बात शनिवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के शुभारंभ समारोह में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पंचकूला से अब बागी विधायकों को ऋषिकेश में भेड़ों की तरह गडरिये द्वारा एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आखिरकार ऐसी कौन सी वजह है कि पंचकूला के 5 सितारा होटल से भाजपा चार्टर्ड प्लेन से देहरादून ले गई और वहां ऋषिकेश में एक 7 स्टार होटल में रखा है। उन लोगों ने अंतरात्मा की नहीं बल्कि धन आत्मा की पुकार सुनी और पार्टी तथा जनता को धोखा दिया। उन्होंने कहा कि नेता कोई बढ़ा नहीं होता है जनता के हाथ में ताकत होती है।

उन्होंने कहा कि वह एक आम परिवार से निकलकर जनता के हकों के लिए संघर्ष करते हुए मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचे हैं। उनकी कुर्सी किसान के बेटे, कर्मचारी के बेटे की है। यह आम जनता की कुर्सी है और साजिश के साथ इसे छीनने की कोशिश करने वालों को जनता सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पूरी मजबूती से जनता के लिए काम कर रही है। यह सरकार 5 साल चलेगी। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई लोकतंत्र को बचाने की है। कुछ लोग लोकतंत्र को चुराकर हथियाना चाहते हैं, लेकिन ऐसे लोगों की मंशा पूरी होने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा कुर्सी छीनने की कोशिश कर रही है। कुर्सी लुटाने के लिए नहीं है आम जनता की सेवा करने के लिए होती है। सी.एम. ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी जा रही है और इस पर कुठाराघात करते रहेंगे। भ्रष्टाचार का पैसा आम जनता की सेवा में वितरित किया जाएगा।

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बागी विधायकों को परिवार से मिलने तो दें। आज बागी विधायकों को जनता का डर कुछ इस कद्र सता रहा है कि वे अपने घर भी वापस नहीं आ रहे हैं। उन्होंने जयराम ठाकुर से आग्रह किया बागी विधायकों को कम से कम अपने परिवारों से तो मिलने दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *