पहले पत्नी, फिर खुद का गला ब्लेड से काटा, दोनों पीजीआई रेफर

Spread the love

ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गगरेट कस्बे में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पति ने पहले ब्लेड से अपनी पत्नी का गला रेत डाला और उसके बाद अपना गला भी काट लिया। चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनने के बाद जब पड़ोसी घर पहुंचे तो पति-पत्नी खून में लथपथ थे। दोनों को तत्काल सिविल अस्पताल गगरेट लाया गया। यहां पर उनकी नाजुक हालत को देखते हुए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया। इसके बाद दोनों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। गगरेट पुलिस ने मामला दर्जकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार जिला कांगड़ा की तहसील नूरपुर के परगना गांव का रहने वाला यशपाल अपनी पत्नी ममता के साथ पिछले कई साल से गगरेट में रह रहा है। वह एक पेट्रोल पंप पर नौकरी करता है।

यशपाल के पड़ोसी गौरव की ओर से पुलिस को दिए गए बयान में कहा गया कि सोमवार अल सुबह यशपाल के कमरे से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने पर जब वह उनके कमरे में गया तो यशपाल के हाथ में शेविंग ब्लेड था और इससे वह अपनी पत्नी के गले पर वार कर रहा था। उसने उसे ऐसा करने से रोकना चाहा तो यशपाल ने उसी ब्लेड से अपने गले पर भी वार कर लिए। इससे दोनों के गले खून से लथपथ हो गए। इसी बीच एक और पड़ोसन भी वहां आ गई और वे दोनों को लेकर सिविल अस्पताल गगरेट पहुंचे। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई लेकिन उनकी स्थिति ठीक नहीं होने के चलते उनके बयान नहीं लिए जा सके। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए यहां से उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल और वहां से उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। डीएसपी डॉ. वसुधा सूद ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *