पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: पंजाब में भाजपा आगामी सभी चुनाव अपने दम पर ही लड़ेगी और किसी भी दल से गठबंधन नहीं किया जाएगा। यह एलान रविवार को संगरूर में प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की एक दिवसीय बैठक के दौरान किया गया।
इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश, पंजाब भाजपा सह प्रभारी डॉ. नरेंद्र सिंह रैना, संगठन मंत्री श्रीमंथरी श्रीनिवासुलू, हरियाणा के पूर्व अध्यक्ष सुभाष बराला, प्रदेश महासचिव राजेश बाघा, बिक्रमजीत सिंह चीमा और मोना जायसवाल ने भी हिस्सा लिया। संगरूर शहरी जिलाध्यक्ष रणदीप देओल ने सभी पार्टी नेताओं का स्वागत किया।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी की बैठक में स्पष्ट कहा गया कि पंजाब में जानबूझकर गठबंधन की झूठी अफवाहें फैलाई जा रही हैं, इनमें कोई सच्चाई नहीं है। भाजपा सभी चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। गौरतलब है कि जालंधर लोकसभा उपचुनाव के बाद, पंजाब में भाजपा के अन्य दलों से गठबंधन की अटकलें तेज हो गई थीं।
