पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि पूरी उम्र नफरत फैलाने वालों के मुंह पर मोहब्बत की बात करना तुष्टीकरण की राजनीति जैसा है। भाई-भतीजावाद, क्षेत्रवाद, जातिवाद करने वाले अब नए पैंतरे अपना रहे हैं। भ्रष्टाचार में डूबी कांग्रेस जनता के बीच कोई बड़ी बात लेकर नहीं जा पा रही है।
वह रविवार को ऊना में पत्रकारों के प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। कहा कि कांग्रेस ने सदैव तुष्टीकरण की राजनीति की है। देश पर 60-65 वर्षों तक राज करने के बाद भी वह आज रेवड़ियों की बात करते हैं। 2019 के आम चुनावों से पहले भी कांग्रेस कुछ राज्यों में जीती थी, लेकिन 2019 के नतीजे सबके सामने हैं।
मोदी सरकार के नौ वर्ष आने वाले 30 मई को पूरे होने वाले हैं। इसके लिए भाजपा जनसंपर्क से जन समर्थन जुटा रही है। एक माह में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी अध्यक्ष सभी कार्यकर्ताओं को देंगे। अनुराग ने कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार राजीव बिंदल ऊना पहुंचे हैं। उनके इस दौरे से कार्यकर्ताओं को बल व प्रोत्साहन मिलेगा।
