गर्मी का कहर:पंजाब में पारा 44 डिग्री पार, सैलानियों ने किया हिमाचल का रुख; वीकेंड पर 90% होटल फुल

Spread the love

पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: पंजाब समेत मैदानी इलाकों में गर्मी ने अपना रूप दिखाना शुरू कर दिया है। पंजाब में पारा 44 डिग्री पार हो गया है। वीकेंड की छुटि्टयों में गर्मी से राहत पाने के लिए लोगों ने पहाड़ों की ओर रुख कर लिया है। वीकेंड पर हिमाचल के पर्यटन स्थलों में होटलों में ऑक्यूपेंसी 90% तक पहुंच गई है। शिमला में दो दिन में करीब 22 हजार गाड़ियां एंटर हुई हैं। करीब सवा लाख पर्यटक शिमला पहुंचे हैं। धर्मशाला भी पर्यटकों से पूरी तरह से पैक है।

होटल एसोसिएशन के महासचिव विवेक महाजन ने बताया कि तीन साल के बाद यहां पर होटलों में ऑक्यूपेंसी इतनी बढ़ी है। मनाली में 15 मई से 19 मई तक 35,324 गाड़ियां यहां पहुंची हैं, करीब 1,76,000 टूरिस्ट यहां पहुंचे हैं। पर्यटन विभाग के निदेशक अमित कश्यप ने बताया कि पर्यटन निगम के होटलों में 80% ऑक्यूपेंसी चल रही है। एक हफ्ते की एडवांस बुकिंग हो गई है। उधर हरियाणा में गर्मी व लू ने अपना प्रचंड रूप दिखाया। दिन का पारा 3.2 डिग्री तक बढ़कर सामान्य से 2.3 डिग्री ऊपर पहुंच गया। इस सीजन में पहली बार सभी जिलों का तापमान 40 डिग्री के पार चला गया। जींद के पांडु पिंडारा में यह सबसे ज्यादा 45.5 डिग्री दर्ज किया गया। हरियाणा में रात का तापमान भी 25 डिग्री के पार चला गया है। आज भी लू चलने की संभावना है।

पर्यटकों की आमद को देखते हुए एनएचआई और जिला प्रशासन ने कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर पंडोह से मनाली तक 5 टनल को लोगों के लिए खोल दिया गया है। इन टनलों के शुरू होने से चंडीगढ़ से मनाली की दूरी 237 किमी की बजाय सिर्फ 190 किमी रह जाएगी और दो घंटे का समय बचेगा। एनएचएआई के अनुसार जून के अंत तक शेष 6 टनल भी वाहनों के लिए खुल जाएंगी। फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सड़क का उद्घाटन कर सकते हैं। फोरलेन बनने से पर्यटकों को मनाली, लेह-लद्दाख आने जाने में काफी सुविधा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *