शिमला, सुरेंद्र राणा: शहीद पवन कुमार धंगल को श्रद्धांजलि देने के लिए हजारों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। शहीद की अंतिम विदाई में स्कूली बच्चे भी नेशनल हाईवे पांच पर उतर आए। पूरा रामपुर क्षेत्र जब तक सूरज चांद रहेगा, पवन कुमार धंगल तेरा नाम अमर रहेगा के नारों से गूंज उठा।
लोगों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के पदगामपोरा में आतंकी मुठभेड़ में शहीद हुए पवन को लोगों ने जगह-जगह फूलमालाओं से अंतिम विदाई दी।
शहीद की पार्थिव देह वीरवार को चंडीगढ़ से रामपुर पहुंची। शहीद के सम्मान में उपमंडल की सीमा भैरा खड्ड से ज्यूरी तक हजारों लोग नेशनल हाईवे पांच पर पहुंचे। दत्तनगर, नोगली, रामपुर, पाटबंगला, झाकड़ी और ज्यूरी तक जगह-जगह स्कूली बच्चे और लोग लंबी-लंबी कतारों में शहीद की पार्थिव देह आने का इंतजार करते दिखे। रामपुर में सुबह करीब 10:30 बजे शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सेना के जवानों की देखरेख में शहीद की पार्थिव देह के दर्शन करवाए गए। लोगों ने फूलमालाओं और देश भक्ति के नारों से पवन कुमार को अंतिम विदाई दी। क्या बूढ़ा, क्या जवान हर कोई पवन की बहादुरी के चर्चे करता दिखा। दुर्गम क्षेत्र किन्नू पंचायत के पिथ्वी गांव के शहीद पवन कुमार का नाम आज रामपुर के हर व्यक्ति की जुबान पर है। सभी लोगों ने पवन की शहादत को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
