संगठन के गठन को लेकर कांग्रेस में मचा घमासान

Spread the love

पंजाब/हरियाणा:  कांग्रेस पार्टी का हरियाणा में संगठन न बनने पर घमासान मचा हुआ है। सभी नेता चाहते हैं कि उनके समर्थकों को संगठन में स्थान मिले। कई नेताओं ने अपने समर्थकों के नामों की सूची पार्टी को दी है। बहरहाल पार्टी हाईकमान निर्णय नहीं ले पा रहा है कि किस नेता के समर्थकों को कितने पद दिए जाएं।

इस कारण संगठन के पदों की सूची नई दिल्ली में ही अटकी हुई है। पार्टी की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि संगठन न बनने पर हम सबको गिरेबां में झांकना पड़ेगा। क्योंकि जो लोग हमारे जैसे, औरों जैसे अपने-अपने ओहदे लेकर बैठे हैं, ये हमको, शीर्ष नेतृत्व को सोचना पड़ेगा, जिन लोगों को अधिकार था, उनको हिस्सा क्यों नहीं मिला। संगठन का गठन जल्दी होना चाहिए।

कुमारी सैलजा गुरुवार को चंडीगढ़ में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। उन्होंने संगठन को लेकर कहा, शीर्ष नेतृत्व कई बार कह चुका है कि संगठन का गठन किया जाए। उन्होंने कहा कि रुकावट तो स्टेट में ही है। हाईकमान को कैसे कहें, जब तक यहीं पर ठीक नहीं होगा।

वहीं उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि, कुछ लोग होते हैं जिनकी आदत होती है कि मैं नहीं तो कुछ नहीं। हर संगठन में अपनी जगह बनाना होता है, यह सबका प्रयास होता है। इसमें यह भी होना चाहिए कि यदि मैं जगह ले रही हूं तो सबको स्थान दूं।

काबिलेगौर है कि, डॉ. अशोक तंवर के बाद पार्टी ने कुमारी सैलजा को भी पार्टी का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया था, लेकिन उनके कार्यकाल में भी संगठन का गठन नहीं हो पाया था। सैलजा के बाद पार्टी ने प्रदेशाध्यक्ष का जिम्मा चौ. उदयभान को सौंपा है।

उदयभान बोले- फैसला हाईकमान करेगा…

कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष चौ. उदयभान का कहना है कि संगठन के गठन को लेकर अब पार्टी हाईकमान को निर्णय लेना है। संगठन को लेकर नामों की सूची पार्टी हाईकमान के पास जा चुकी है।

संगठन में सबको जगह मिले: किरण…

पूर्व कैबिनेट मंत्री किरण चौधरी का कहना है कि संगठन का गठन होना चाहिए। इसके न होने से पार्टी को नुकसान होता है, लेकिन गलत गठन से ज्यादा नुकसान होता है। सबके संग गठन होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *