Punjab dastak: देश के सांसदों में पंजाब के बठिंडा से शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर की संपत्ति में पिछले दस वर्षों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल की पत्नी हरसिमरत कौर की दौलत में 2009 से 2019 तक 261 % की वृद्धि हुई है। उनकी चल अचल संपत्ति इन दस वर्षों में 60.99 करोड़ से बढ़कर 217.99 करोड़ पहुंच गई है।
एडीआर (एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स) और नेशनल इलेक्शन वॉच की 71 सांसदों की ओर से स्वघोषित संपत्ति के किए तुलनात्मक अध्ययन में इसका खुलासा हुआ है। हरसिमरत कौर देश के टॉप-10 सांसदों में संपत्ति की बढ़ोतरी के मामले में पहले नंबर पर हैं।
कौर की 2009 के लोकसभा चुनाव के समय कुल संपत्ति 60 करोड़ 31 लाख 135 रुपये थी, जो 2014 में बढ़कर 1 अरब 8 करोड़ 16 लाख 64 हजार 910 रुपये हो गई। इसी तरह उनकी संपत्ति में 157.68 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के बाद 2019 में कुल संपत्ति 2 अरब 17 करोड़ 99 लाख रुपये तक पहुंच गई।
इसके अलावा पंजाब के ही लुधियाना से कांग्रेस सांसद रवनीत बिट्टू की संपत्ति में तीन करोड़ की बढ़ोतरी हुई है। वह कुल 5.42 करोड़ 81 हजार रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। बिट्टू 2009 में श्री आनंदपुर साहिब सीट से लोस चुनाव जीते थे।
