प्रदेश में दो दिन भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

Spread the love

पंजाब दस्तक/ सुरेन्द्र राणा:  हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के पांगी में आसल नाले और अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल के समीप पहाड़ी से हिमस्खलन हुआ। हिमस्खलन से कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।

हालांकि अटल टनल के पास हिमस्खलन से मनाली-केलांग हाईवे 11 घंटे तक बंद रहा। हिमखंड के गिरने से गुरुवार रात 2:00 बजे के आसपास से चंद्रानदी का बहाव भी कुछ समय रुक गया। हिमस्खलन का बवंडर तेलिंग गांव तक पहुंच गया। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग मनाली-केलांग यातायात के लिए शुक्रवार दोपहर 01:00 बजे तक अवरुद्ध रहा।

सूचना मिलते ही शुक्रवार सुबह नर्सरी स्थित बीआरओ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मशीनरी से हाईवे को यातायात के लिए बहाल किया।

प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में शनिवार को मौसम साफ रहेगा। रविवार और सोमवार को प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव आने के आसार हैं।

शुक्रवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी व सोलन के कुछ क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय धुंध छाई रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *