पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: हिमाचल कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह 25 अक्टूबर यानि आज से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह क्षेत्र से प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगी। कांग्रेस हाईकमान ने प्रतिभा सिंह को इलेक्शन खत्म होने तक प्रचार के लिए हेलिकॉप्टर दे दिया है। वह आज शिमला से सीधे जंजैहली जाएंगी।
यहां सराज विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी चेतराम के नामांकन में मौजूद रहेंगी। नॉमिनेशन फाइल करने के बाद वह जनसभा को संबोधित करके मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को हराने के लिए चेतराम के लिए वोट देने, सपोर्ट एंड इलेक्ट करने की अपील करेंगी।
दोपहर बाद 2 बजे प्रतिभा सिंह चैल चौक जाएंगी और नाचन विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी के नामांकन में भी मौजूद रहेंगी। इसी दिन वह धर्मपुर जाएंगी और पार्टी प्रत्याशी के नामांकन में शामिल होंगी। शाम के वक्त प्रदेशाध्यक्ष हेलिकॉप्टर से रामपुर रवाना होंगी।
26 अक्टूबर को सांगला में जनसभा करेंगी प्रतिभा
प्रतिभा सिंह 26 अक्टूबर की सुबह रामपुर से किन्नौर के सांगला जाएंगी। यहां जनसभा को संबोधित करने के बाद आनी विधानसभा क्षेत्र आएंगी। दोपहर बाद आनी में जनसभा करेंगी। आनी से प्रतिभा सिंह दोबारा रामपुर लौटेंगी।
इन नेताओं पर भी रहेगा दारोमदार
ठीक इसी तरह कांग्रेस के दूसरे शीर्ष नेताओं को भी अपने-अपने चुनाव क्षेत्र से बाहर निकलकर प्रचार में जुटना होगा। खासकर कौल सिंह ठाकुर, मुकेश अग्निहोत्री, सुखविंद्र सिंह सुक्खू, ठाकुर राम लाल, आशा कुमारी, धनीराम शांडिल, विक्रमादित्य सिंह इत्यादि नेताओं को भी प्रचार में जान फूंकनी होगी।
