पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा,7 सितंबर से शुरू हो रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से पहले कांग्रेस को पंजाब में बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस की महिला विंग की पंजाब प्रधान बलवीर रानी सोढ़ी ने अचानक इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को इस्तीफा भेजा। जिसमें इस्तीफे की वजह घरेलू बताई है। सोढ़ी ने भरोसा दिलाया कि वह पार्टी के प्रति वफादार बनीं रहेंगी। हालांकि इसके पीछे संगठन में तरजीह न मिलने की चर्चा हो रही है। सोढ़ी नवंबर 2021 में पंजाब महिला कांग्रेस की प्रधान बनी थी।
कांग्रेस ने पहले महंगाई के खिलाफ चंडीगढ़ में धरना दिया। इसके बाद AAP सरकार की कांग्रेसियों पर कार्रवाई के खिलाफ विजिलेंस ऑफिस के बाहर धरना दिया। फिर दिल्ली में महंगाई की हल्ला बोल रैली की तैयारी के लिए मीटिंग बुलाई। इन सब में महिला कांग्रेस कहीं नजर नहीं आई। अब भारत जोड़ो यात्रा के कार्यक्रम की तैयारी में भी महिला कांग्रेस नजर नहीं आ रही थी।
टिकट बंटवारे के वक्त भी दिखाई बगावत
पिछले विस चुनाव में टिकट बंटवारे के वक्त भी महिला कांग्रेस ने बगावत दिखाई थी। उनका आरोप था कि महिला कांग्रेस से टिकट के 12 दावेदार थे। फिर भी किसी को टिकट नहीं दी गई। तब बलवीर रानी ने नजरअंदाज करने से खफा होकर महिला विंग को भंग करने की मांग करने तक की बात कह दी थी। उनका कहना था कि कांग्रेस सांसद तक उनसे नहीं मिलते।
