Monday, May 20, 2024
Homeराज्यबठिंडा में बड़ा एक्शन: पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल समेत छह के...

बठिंडा में बड़ा एक्शन: पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल समेत छह के खिलाफ केस, दो को विजिलेंस ने गिरफ्तार किया

पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री एवं भाजपा नेता मनप्रीत बादल समेत छह लोगों के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो ने केस दर्ज किया है। रविवार को विजिलेंस टीम ने राजीव कुमार और अमनदीप को गिरफ्तार किया है। हालांकि इस विषय में विजिलेंस के किसी भी अधिकारी ने कोई पुष्टि नहीं की है। मगर सूत्रों ने मुताबिक विजिलेंस के बड़े अधिकारी सोमवार को बड़ा खुलासा कर सकते हैं। नामजद आरोपियों में मनप्रीत बादल, विकास कुमार, पंकज, शेरगिल, राजीव कुमार और अमनदीप का नाम शामिल है।

मॉडल टाउन में महंगे प्लॉट कम दाम में खरीदने के संबंध में मनप्रीत बादल के खिलाफ भाजपा नेता सरूप चंद सिंगला ने विजिलेंस और लोकपाल को शिकायत दी थी। इसी शिकायत पर की विजिलेंस जांच कर रही है। हालांकि सिंगला की शिकायत को लोकपाल ने खारिज कर दिया था। वहीं बीते दिनों मनप्रीत बादल ने अपनी गिरफ्तारी के डर से स्थानीय अदालत में याचिका दायर कर की थी। इसमें उन्होंने गिरफ्तारी से पहले नोटिस जारी करने की मांग की थी। इस पर अदालत ने विजिलेंस को नोटिस जारी दिया था। 26 सितंबर को मामले की सुनवाई होनी है।

सूत्रों के मुताबिक पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने अपने करीबी राजीव कुमार और एक अन्य व्यक्ति के नाम पर मॉडल टाउन फेज 1 में महंगे प्लॉट सस्ते दाम में खरीदा था। इससे सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा है। इसकी शिकायत भाजपा नेता सरूप चंद सिंगला ने विजिलेंस और लोकपाल से की थी।

वहीं विजिलेंस ने शिकायत मिलने के बाद मनप्रीत बादल को नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने को बुलाया था। इसके बाद मनप्रीत बादल अपने वकील के साथ विजिलेंस कार्यालय पहुंचे थे और उन्होंने विजिलेंस के सवालों का जवाब दिया था। इस पूरे प्रकरण के बाद सीएम भगवंत सिंह मान ने एक मंच से कहा था कि मनप्रीत बादल के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं मनप्रीत बादल ने सीएम मान को केस के बारे में सार्वजनिक जानकारी देने की चुनौती दी थी।

नियमों के तहत खरीदे प्लॉट

स्थानीय अदालत में याचिका दाखिल कर मनप्रीत बादल ने कहा था कि सीएम मान के इशारे पर झूठे मामले में फंसाने के लिए विजिलेंस जांच कर रही है जबकि बठिंडा विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने प्लॉट की नीलामी के लिए चार प्रमुख समाचार पत्रों में विज्ञापन दिया था और इनकी ई-नीलामी की गई थी। इसमें कोई भी शामिल नहीं हो सका।

याचिका में कहा गया है कि उन्होंने नियमों के तहत प्लॉट खरीदे हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि वह विजिलेंस जांच में शामिल हो चुके हैं और इसके बाद मामले के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। रविवार को मनप्रीत बादल के वकील सुखदीप भिंडर ने भी मीडिया के जरिये कहा कि बादल ने अदालत में याचिका इसलिए दायर की है कि पता लगाया जा सके कि विजिलेंस ने मनप्रीत बादल के खिलाफ कोई केस दर्ज किया है या नहीं।

विजिलेंस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार

सूत्रों ने बताया कि अदालत का नोटिस मिलने के बाद विजिलेंस ने अपनी जांच को तेजी से आगे बढ़ाया और रविवार शाम को एक टीम ने सिविल लाइन क्लब में एक बैठक में शामिल होने पहुंचे राजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अमनदीप को भी विजिलेंस ने एक अन्य जगह से गिरफ्तार किया। विजिलेंस ने राजीव और अमन को गिरफ्तार करने के बाद अगली कारवाई शुरू कर दी। सूत्रों के मुताबिक विजिलेंस बीडीए के अधीक्षक पंकज, विकास कुमार, मनप्रीत बादल और शेरगिल को गिरफ्तार करने की तैयारी में है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Our Visitor

110407
Views Today : 117
Total views : 413061

ब्रेकिंग न्यूज़