विपक्ष के विरोध, हंगामे के बीच कृषि, उद्यानिकी और वानिकी विवि विधेयक पारित

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: विधानसभा में विपक्ष के विरोध और हंगामा के बीच हिमाचल प्रदेश कृषि, उद्यानिकी और वानिकी विश्वविद्यालय पालमपुर से संबंधित संशोधन विधेयक पारित किया गया। कृषि मंत्री चंद्र कुमार की ओर से पेश किए गए बिल पर भाजपा विधायक विपिन सिंह परमार एवं रणधीर शर्मा ने चर्चा मांगी। दोनों विधायकों ने बिल को खारिज करने की मांग की। रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि यह संशोधन विवि की स्वायतता पर प्रहार है। साथ ही इस विधेयक से राज्यपाल और कुलाधिपति की गरिमा को भी ठेस पहुंचेगी। विपक्ष ने इसको लेकर सदन में नारेबाजी की, वेल में आने के बाद सदन से वाकआउट कर दिया।

विपिन सिंह परमार ने आरोप लगाया कि विवि में कुलाधिपति को योग्यता के आधार पर लगाया जाता है। नाम मांगे जाते हैं। उसके बाद स्क्रीनिंग होती है। वर्षों से यही चल रवा है। इस बिल में संशोधन के माध्यम से शक्तियों को छीनने का प्रयास है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा ने अध्यक्ष के आसन के पास जाकर वेल में इसका विरोध भी किया। सत्ता पक्ष की तरफ से आशीष बुटेल ने कहा कि इससे राज्यपाल की गरिमा को कोई ठेस नहीं पहुंचेगी। कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने भी विधेयक पारित करते समय विपक्ष की आपत्तियों को खारिज किया। मुख्यमंत्री सुक्खू ने भी इस विधेयक से संबंधित विपक्ष की आपत्तियों को खारिज किया।

निंदा प्रस्ताव की पेशकश

विपक्ष की ओर से वेल पर नारेबाजी किए जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अध्यक्ष के आसन के पास जाकर नारेबाजी करना शोभा नहीं देता है। उन्होंने कहा कि ये विधेयक राज्यपाल से संबंधित नहीं है। उन्होंने अध्यक्ष से निंदा प्रस्ताव लाए जाने की पेशकश की। कांग्रेस विधायकों ने भी इसमें हामी भरी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *