शिमला, सुरेंद्र राणा:मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 20 से 24 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, 20 अप्रैल को उच्च पर्वतीय इलाकों में एक-दो जगह बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 24 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके असर से 24 और 25 अप्रैल को प्रदेश के कुछ हिस्सों में फिर से हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
बीते 24 घंटों में कुकुमसेरी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पांवटा साहिब में अधिकतम तापमान प्रदेशभर में सबसे अधिक 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों में गर्मी का असर और तेज होने की संभावना जताई है।बरठीं में 36.7 और ऊना में 35.7 डिग्री अधिकतम तापमानबीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। बिलासपुर के बरठीं में 36.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ, जबकि ऊना में 35.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। नाहन में 34.3, मंडी में 34.2, सुंदरनगर में 33.6, कांगड़ा में 33.4 और सोलन में 32.8 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया। शिमला में तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मनाली में 21.8, कल्पा में 21.1 और ताबो में 17.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
