बिना सूची जारी किए कांग्रेस कर रही जीत का दावा, निकाय चुनाव को बताया कांग्रेस के कुशासन पर जनमत संग्रह।

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल में बिना पार्टी सिंबल पर हुए नगर निकाय चुनावों में भाजपा और कांग्रेस जीत का दावा कर रही है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। शिमला में प्रेस वार्ता कर बिंदल ने कहा कि जिस कांग्रेस ने उम्मीदवारों की सूची तक जारी नहीं की, वह जीत का दावा कैसे कर रही है?उन्होंने कहा कि बीजेपी को जनता ने समर्थन दिया है। उन्होंने नतीजों को कांग्रेस सरकार की झूठी गारंटियों और तीन साल के कुशासन के खिलाफ जनमत संग्रह बताया।

राजीव बिंदल ने कहा कि निकाय चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है। प्रदेश की 25 नगर परिषदों की कुल 229 सीटों में भाजपा ने 120 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस को 89 और अन्य को 20 सीटें मिलीं।
उन्होंने जिलेवार आंकड़े भी रखे।
बिंदल ने कहा कि सबसे बड़ा आश्चर्य यह है कि कांग्रेस ने खुद कहा था कि पार्टी प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं करेगी। जो कार्यकर्ता लड़ना चाहें, स्वतंत्र लड़ें। ऐसे में कांग्रेस का जीत का दावा जनता को भ्रमित करने का प्रयास है। भाजपा उन्हीं उम्मीदवारों को कांग्रेस समर्थित मान रही है जिनके खिलाफ पार्टी ने चुनाव लड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू चुनावों से भागते रहे। ये चुनाव अक्टूबर-नवंबर 2025 में होने थे। राज्य चुनाव आयोग तैयार था, लेकिन सरकार टाल रही थी। हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद चुनाव कराने पड़े।
डॉ. बिंदल ने कहा कि यह जनादेश तीन साल के कुशासन के खिलाफ है। बिगड़ती कानून व्यवस्था, माफिया राज, गैंगवार, ठप विकास, महंगाई, बिजली-पानी और बस किराए में बढ़ोतरी से जनता त्रस्त है।महिलाओं, युवाओं, कर्मचारियों ने कांग्रेस के खिलाफ वोट दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि नतीजों के बाद कांग्रेस में बेचैनी है। मंत्री, विधायक और अधिकारी भाजपा समर्थित पार्षदों को डरा-धमका रहे हैं। चेयरमैन-वाइस चेयरमैन चुनाव के नियम बदलकर लोकतंत्र हाईजैक करने की कोशिश हो रही है। बिंदल ने अधिकारियों से निष्पक्ष रहने की अपील की और कहा कि वे कांग्रेस के राजनीतिक टूल न बनें। उन्होंने जनता का आभार जताते हुए कहा कि आने वाले चुनावों में भी जनता कांग्रेस को जवाब देगी। उन्होंने कहा कि चारों नगर निगम में भाजपा जीत हासिल करने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *