पेट्रोल-डीजल दाम बढ़ने पर राजस्व मंत्री नेगी का केंद्र पर हमला, बोले- निकाय चुनाव नतीजे बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रही भाजपा

Spread the love

पेट्रोल-डीजल के दाम पांच दिन में दूसरी बार बढ़ने पर हिमाचल के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सस्ता कच्चा तेल खरीदकर दूसरे देशों को निर्यात किया जा रहा है, लेकिन देश की जनता को राहत नहीं दी जा रही। वहीं निकाय चुनावों को लेकर भाजपा के दावों पर नेगी बोले कि असली तस्वीर अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के गठन के बाद साफ होगी। भाजपा बढ़ा-चढ़ाकर दावे कर रही है।

जगत सिंह नेगी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और युद्ध का हवाला देकर कीमतों में बढ़ोतरी करना उचित नहीं है, क्योंकि वैश्विक स्तर पर ऐसे हालात लंबे समय से बने हुए हैं। भारत रूस सहित अन्य देशों से तेल आयात कर रहा है। इसके बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं।केंद्र सरकार सस्ते दामों पर कच्चा तेल खरीदकर उसे रिफाइन करने के बाद दूसरे देशों को निर्यात कर रही है, लेकिन देश के उपभोक्ताओं को राहत नहीं दी जा रही। नेपाल, बांग्लादेश समेत अन्य देशों को अपेक्षाकृत कम कीमतों पर तेल उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि भारतीय उपभोक्ताओं पर टैक्स और सेस का बोझ लगातार बढ़ रहा है।

वहीं नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए जगत सिंह नेगी ने कहा कि चुनाव परिणामों की वास्तविक स्थिति जिला परिषदों और पंचायतों के निर्वाचन के बाद ही स्पष्ट होगी। भाजपा नगर निकाय चुनाव नतीजों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रही है। अभी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों का गठन होना बाकी है और उसी के बाद यह स्पष्ट हो पाएगा कि किस दल के कितने अध्यक्ष बनते हैं। कई स्थानों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार जीते हैं, कुछ जगह भाजपा समर्थित प्रत्याशी विजयी हुए हैं, जबकि कई स्थानों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। ऐसे में अंतिम स्थिति गठन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
भाजपा नेताओं का बयानबाजी में कोई मुकाबला नहीं है और वे हमेशा बढ़ा-चढ़ाकर दावे करते हैं। भाजपा हर मुद्दे पर बड़े-बड़े दावे करती है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *