भरमौर: जनजातीय उपमंडल भरमौर की ग्राम पंचायत घरेड़ में जमीनी विवाद को लेकर मां-बेटे ने पड़ोसी के सिर पर डंडे का वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी मां-बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर हवालात में बंद कर दिया है। आरोपियों को दोपहर बाद पुलिस रिमांड हेतु अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इसी बीच सोमवार को फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने भी घटनास्थल का दौरा कर साक्ष्य एकत्रित कर लिए हैं। पुलिस ने शव का मेडिकल कालेज टांडा में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार घरेड़ गांव में 22 नवंबर को विवादित जगह पर लकड़ी रखने को लेकर पड़ोसियों में कहासुनी हो गई, जो कि देखते-देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान लकी व छुनको देवी ने पडोसी संजीव कुमार के सिर पर डंडे का वार कर दिया है। इससे संजीव कुमार अनियंत्रित होकर सिर के बल नीचे अपने स्लेटपोश आंगन में आ गिरा। बाद में परिजनों ने संजीव कुमार को घायलावस्था में उठाकर उपचार के लिए भरमौर लाने के साथ ही पुलिस को सूचित किया।
इसी बीच संजीव कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए चंबा रेफर कर दिया। मेडिकल कालेज चंबा से संजीव कुमार को टांडा रेफर कर दिया। सोमवार सवेरे संजीव कुमार ने मेडिकल कालेज टांडा में उपचार के दौरान दम तोड दिया। संजीव कुमार की मौत की सूचना पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के आग्रह पर फोरेंसिक टीम ने भी सोमवार को घटनास्थल का दौरा कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंबा हितेष लखनपाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पड़ोसी की हत्या के आरोपी मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पुलिस रिमांड की अवधि में पूछताछ कर हत्या के अनसुलझे पहलुओं से पर्दा हटाया जाएगा।
