दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर में चल रहा पहलवानों का प्रदर्शन खत्म हो गया है. खेल मंत्री और पहलवानों के बीच कल देर रात तक बैठक हुई. जिसके बाद पहलवानों ने अपना प्रदर्शन खत्म करने का एलान किया. इसके साथ ही एक कमेटी की घोषणा की गई है जो 4 हफ्चे में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी. जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब कुश्ती संघ का काम भी कमेटी देखेगी. कुश्ती संघ के मौजूदा अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह जांच पूरी होने तक संघ के काम से दूर रहेंगे और जांच में सहयोग करेंगे.
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने मैराथन बैठक के बाद कहा, ‘‘एक निगरानी समिति बनाने का फैसला किया गया है जिसके सदस्यों के नामों की घोषणा आज ही की जाएगी. यह समिति चार हफ्ते में जांच पूरी करेगी. यह समिति डब्ल्यूएफआई और इसके अध्यक्ष के खिलाफ वित्तीय या यौन उत्पीड़ के सभी आरोपों की गंभीरता से जांच करेगी.’’
जांच तक अध्यक्ष पद से अलग रहेंगे बृजभूषण
अनुराग ठाकुर ने आगे बताया, ‘‘जांच पूरी होने तक वह (सिंह) अध्यक्ष पद की जिम्मेदारियों से अलग रहेंगे और जांच में सहयोग करेंगे, जबकि डब्ल्यूएफआई के रोजमर्रा के काम को निगरानी समिति देखेगी.’’
