आशीष कपूर अब आय से अधिक संपत्ति मामले में गिरफ्तार, हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद एक्शन

Spread the love

पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: एक करोड़ रुपये रिश्वत लेने के मामले में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद भी एआईजी आशीष कपूर की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। विजिलेंस ब्यूरो ने अब उनके और उनकी पत्नी कमल कपूर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि उन्होंने अपनी कुल आमदनी से 129.3 फीसदी अधिक खर्च किया है।

चंडीगढ़ और मोहाली में नौकरी के दौरान उन्होंने अवैध तरीके से महंगी चल और अचल संपत्ति बनाई। विजिलेंस की टीम बुधवार को उन्हें पटियाला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई और गिरफ्तारी डाल दी। मोहाली अदालत ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

विजिलेंस ब्यूरो की तरफ से बर्खास्त एआईजी आशीष कपूर और उनकी पत्नी कमल कपूर की गत पांच साल में बनाई गई संपत्ति की जांच की गई। विजिलेंस द्वारा बुधवार को विजिलेंस ब्यूरो मोहाली में दर्ज एफआईआर में बताया है कि एजेंसी द्वारा आशीष कपूर और उनकी पत्नी कमल कपूर की 1-08-2017 से 31-08-2022 तक की संपत्ति खंगाली।

इसमें सामने आया कि उन्होंने अवैध तरीके से चंडीगढ़ और मोहाली में संपत्ति बनाई है। संपत्ति की मार्केट वैल्यू रजिस्टर्ड कीमत से काफी ज्यादा है। 2020 में उन्होंने सेक्टर-88 में कोने वाला रिहायशी प्लॉट खरीदा था। इस प्लॉट का आकार 507.5 वर्ग गज था। दस्तावेजों में उन्होंने इसकी कीमत पर 90,16,100 रुपये दिखाई है। उक्त प्लॉट पर उन्होंने साल 2020-2022 में आधुनिक सुविधाओं वाली आलीशान दो मंजिला कोठी बनाई थी। इसके निर्माण पर उन्होंने 2 करोड़ रुपये खर्च किए। इसी तरह साल 2022 में उन्होंने दी पॉम कॉलोनी न्यू चंडीगढ़ में 34,13,663 रुपये की लागत से 241.11 वर्ग गज का प्लाट खरीदा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *