सुक्खू बोले- आपदा से 1000 करोड़ का नुकसान, राज्य की ऋण सीमा बढ़ाए केंद्र सरकार; आज शाह से मिलेंगे CM

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल में प्राकृतिक आपदा से हुए भारी नुकसान के बीच मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भेंट कर विशेष मदद की गुहार लगाई। उन्होंने प्रदेश की ऋण सीमा बढ़ाने का आग्रह किया। सीएम ने बताया कि हाल ही में भारी बारिश से प्रदेश को 1,000 करोड़ का नुकसान हुआ है।

उन्होंने केंद्र सरकार से सहायता की मांग उठाई और प्रदेश के लंबित विभिन्न मामलों पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की। उधर, मुख्यमंत्री ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश में हवाई संपर्क को सुदृढ़ करने पर चर्चा की। सीएम सुक्खू मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलेंगे और विशेष आपदा पैकेज की मांग करेंगे।

निर्मला सीतारमण से भेंट के बाद सीएम सुक्खू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने कुछ मुद्दों को समझा है। उन्हें सीतारमण ने बताया है कि राज्य सरकार प्रशासनिक सुधार करेगी तो इसकी प्रक्रिया के अनुसार केंद्र सरकार मदद करेगी। उन्होंने सीतारमण को आपदा से नुकसान के बारे में अवगत करवाया।

सीतारमण ने उन्हें बताया कि केंद्र सरकार अतिरिक्त ऋण किसी राज्य को नहीं दे रही है और न ही आज तक किसी राज्य को दिया गया है। वहीं, सीएम सुक्खू ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से दिल्ली-शिमला-धर्मशाला और धर्मशाला-शिमला-दिल्ली हवाई उड़ानों का संचालन नियमित रूप से करने का आग्रह किया, जो वर्तमान में केवल तीन दिन ही संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि नियमित उड़ानें नहीं होने से पर्यटकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने धर्मशाला में नाइट लैंडिंग की सुविधा शुरू करवाने का भी आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *