दिल्ली में हिमाचल कांग्रेस की एक अहम बैठक आयोजित की गई है जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए। इस बैठक में हिमाचल के मुख्यमंत्री, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं व मंत्रियों से पार्टी हाई कमान ने अढ़ाई साल की रिपोर्ट ली और संगठन की मजबूती को लेकर फीडबैक ली।बैठक से लौटे कैबिनेट मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि बैठक में संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। पार्टी नेतृत्व ने एक-एक मंत्री और वरिष्ठ नेता से अलग-अलग राय ली।
हर्ष वर्धन चौहान ने कहा कि बैठक में नए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को लेकर भी सुझाव दिए गए हैं।मंत्रियों की ओर से सुझाव दिया गया कि अध्यक्ष ऐसा व्यक्ति बनाया जाए जिसका राज्य की राजनीति में मजबूत कद हो। संगठन न होने से पार्टी की गतिविधियां ठप्प पड़ी हैं। संगठन कार्यकर्ताओं की आवाज़ बनता है और सरकार व कार्यकर्ताओं के बीच पुल का काम करता है। आने वाले पंचायत चुनावों में संगठन की भूमिका अहम होगी, भले ही चुनाव पार्टी चिन्ह पर नहीं होते हैं लेकिन वोटिंग पैटर्न पूरी तरह से पार्टी आधारित रहता है। पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल ने सभी नेताओं की राय एकत्र की है और इसकी रिपोर्ट तैयार कर हाईकमान को सौंपी जाएगी।
वहीं सिरमौर में स्कूटरों पर रेता-बजरी ढुलाई के मामले पर मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने दिए कड़े एक्शन की बात कही है।उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि इस मामले को सरकार गंभीरता से ले रही है और जो भी अनियमितताएं सामने आएंगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
