जालंधर निगम के खिलाफ भाजपा ने खोला मोर्चा:सीवरेज के पानी में फिसलकर हुई मौत के मामले में मृतका के घर पहुंचे; बोले- अधिकारी जिम्मेदार

Spread the love

पंजाब दस्तक: जालंधर वेस्ट विधानसभा के मनजीत नगर में सीवरेज के गंदे पानी में फिसल कर हुई महिला की मौत के बाद भारतीय जनता पार्टी ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को भाजपा नेता इकट्ठा होकर विधानसभा प्रभारी और भाजपा ज़िला महामंत्री अशोक सरीन हिक्की की अध्यक्षता में मृतका नीरू के घर शोक जताने के लिए पहुंचे।

भाजपा नेताओं ने कहा कि इस मौत के लिए सीधे-सीधे नगर निगम के अधिकारी जिम्मेदार हैं। जिनकी वजह से हादसा हुआ और एक कामकाजी महिला की जान चली गई। सीवर लाइन के खुले ढक्कन, सीवरेज के गंदे पानी से सड़कों पर फैली बदबू आम लोगों के लिए हर रोज नई मुसीबतें खड़ी कर रही है। वेस्ट हल्के के विधायक और सांसद सत्ताधारी पार्टी के हैं पर इसके बावजूद भी हल्के में पूरी अव्यवस्था है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि जिस महिला नीरू की मौत हुई है वह अपनी बेटी के साथ किराए के मकान में रहती थी। दोनों मां-बेटी प्राइवेट फैक्ट्री में काम करके खुद कमाकर गुजारा कर रही थीं। नीरू के पति का पहले ही देहांत हो चुका है अब बेटी के सिर से मां का भी साया उठ गया है। भाजपा नेता हिक्की ने कहा पार्टी बेटी के साथ हर मुसीबत में साथ खड़ी है और उनकी लड़ाई लड़ेगी।

निगम में भ्रष्टाचार व्याप्त किसी की कोई सुनवाई नहीं

हिक्की ने कहा कि नगर निगम जालंधर में भ्रष्टाचार के चलते पंजाब सरकार के नेताओं, ठेकेदारों एवं निगम अधिकारियों की मिलीभगत के चलते लोगों की कोई भी सुनवाई नहीं हो रही है। इसी वजह से वेस्ट विधानसभा में खराब सीवरेज सफ़ाई व्यवस्था जानलेवा बन गई है। इस मौत के लिए सीधे तौर पर नगर निगम जालंधर एवं उसके अधिकारी मौत के जिम्मेवार हैं। इन पर सख्त क़ानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

पिछले कई दिनों से इस इलाके में चल रही खराब सीवरेज के चलते पानी भरा हुआ है। लोग शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन निगम पंगु बना हुआ है। सभी भाजपा नेताओ ने कहा की भाजपा चुप नहीं बैठेगी, जल्द निगम कमिश्नर को मांग पत्र सौंपा जाएगा।

इस अवसर पर रविंदर धीर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनिल मिनिया, दविंदर भारद्वाज, मंडल अध्यक्ष गौरव जोशी, सोनू चौहान, भगत पूरन चंद, जिला सचिव अश्वनी अटवाल, गुरप्रीत सिंह, अनुज शारदा, सनी बंसल, अजय ठाकुर, दिनेश कुमार बबलू, राहुल शर्मा, योगेश, नीटू महाजन, मीनू लहौरिया, भारती लहौरिया आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *