कृष्ण पाल गुर्जर बोले- सहकारिता के लिए हिमाचल आदर्श, हर संभव सहायता देगा केंद्र

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: सहकारी क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण के लिए केंद्र की ओर से प्रायोजित विभिन्न पहलों पर शिमला में हिमाचल प्रदेश सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक में रविवार को केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने हिमाचल प्रदेश को सहकारिता के लिए आदर्श राज्य बताया। उन्होंने कहा कि विविधता से पूर्ण हिमाचल में इस क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। इस अवसर पर उन्होंने 121 ई-पैक्स का आरंभ भी किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को सहकारिता क्षेत्र में केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने पूर्ण साक्षर राज्य की उपलब्धि हासिल करने पर प्रदेश सरकार को बधाई भी दीं।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल में सहकारिता की मुहिम को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश सहकारिता का जनक है और सहकारिता के क्षेत्र में हिमाचल ने देश को एक नई राह दिखाई है। बैठक में विभिन्न सहकारी समितियों से आए प्रतिनिधियों ने समितियों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। पंजीयक सहकारी समिति डीसी नेगी ने अपनी प्रेजेंटेशन दी। बैठक में सहकारिता मंत्रालय के संयुक्त सचिव रमन कुमार, हिमाचल प्रदेश सरकार के सचिव सहकारिता सी. पालरासु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *