शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश सचिवालय कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष श्री भगत राम ठाकुर का आज शाम इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) शिमला में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से सचिवालय कर्मियों, पेंशनभोगियों और समाजसेवियों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है।
भगत राम ठाकुर एक समर्पित कर्मचारी नेता और समाजसेवी के रूप में जाने जाते थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कर्मचारियों की भलाई और अधिकारों के लिए संघर्ष किया और कई महत्वपूर्ण मुद्दों को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया।
हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष मदन लाल शर्मा के अलावा भूप राम और नीलम चौहान सहित कार्यकारिणी सदस्यों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। एसोसिएशन ने उन्हें कर्मठ, निष्ठावान और ईमानदार नेता बताया जो हमेशा कर्मचारियों और पेंशनर्स के हितों की लड़ाई लड़ते रहे।
मदन लाल शर्मा ने कहा, भगत राम ठाकुर का जाना एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने हमेशा संगठन की मजबूती और कर्मचारियों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई। हम उनके योगदान को कभी नहीं भूल सकते।
पूर्व अध्यक्ष को श्रद्धांजलि देने के लिए विभिन्न कर्मचारी संगठनों और पेंशनर्स से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी संवेदनाएं प्रकट की हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल दे।
