विधानसभा चुनाव को लेकर क्या भाजपा कर रही बड़ी तैयारी, प्रेम कुमार धूमल-शांता कुमार से मिले JP नड्डा

Spread the love

हमीरपुर, सुरेंद्र राणा:भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का हिमाचल प्रदेश के दो वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व मुख्यमंत्रियों प्रेम कुमार धूमल एवं शांता कुमार के घर जाना विधानसभा चुनाव-2027 को साधने की तैयारी की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद डा. राजीव बिंदल को नड्डा का साथ ले जाना एक सोची समझी रणनीति का हिस्सा है। 2022 में जो जख्म भाजपा को मिले और कांग्रेस सरकार सत्ता में आई, उसकी भरपाई की तैयारी की जा रही है। पहली जुलाई को डा. राजीव बिंदल ने तीसरी बार भाजपा अध्यक्ष के रूप में मोर्चा संभाला। पार्टी का लक्ष्य 2027 में भाजपा की मजबूत जीत को सुनिश्चित करना है। दो जुलाई को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का हिमाचल आगमन हुआ और बिलासपुर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी के दिग्गज नेता जगत प्रकाश नड्डा से मिले। चार जुलाई को भाजपा में एक बहुत बड़ा घटनाक्रम हुआ, जिससे स्पष्ट रूप से यह संकेत है कि इस बार 2027 में हिमाचल प्रदेश विधानसभा में भाजपा एक मजबूत सरकार बनाने के लिए संकल्पित है।भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रदेश के वरिष्ठतम नेताओं से मिले, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार शामिल हैं। यह मुलाकात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल के अध्यक्ष बनने के तुरंत बाद हुई है, जिससे इस मुलाकात का महत्त्व और ज्यादा बढ़ जाता है। जब प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने शिमला में अपना इस टर्म का पहला अध्यक्ष भाषण दिया था, तो उन्होंने अपना लक्ष्य स्पष्ट कर दिया था कि 2027 में कांग्रेस की सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकना है।

शुक्रवार सुबह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल से मिलने हमीरपुर स्थित उनके गृह क्षेत्र सुमीरपुर पहुंचे। हिमाचल भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने भी इस खास मौके पर पहुंचकर प्रो. धूमल से आशीर्वाद लिया। जिस तरीके से पिछले कुछ समय से भाजपा में राजनीतिक समीकरण बदले हैं, उसके बाद खासकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ताजपोशी से पूर्व यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है।

यही नहीं, दिलचस्प बात यह है कि प्रो. धूमल और जेपी नड्डा समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के बीच डेढ़ घंटा हुई बातचीत में से लगभग 35 मिनट केवल धूमल और नड्डा के बीच बंद कमरे में मंत्रणा किए जाने की बात सामने आ रही है।दोनों दिग्गज नेताओं के बीच बंद कमरे में हुई बातचीत को सियासी मंत्रणा के रूप में देखा जा रहा है, साथ ही राजनीतिक जानकारों की मानें तो यह मुलाकात और यह राजनीतिक मंत्रणा दोनों नेताओं के बीच पुराने कई गिले-शिकवे मिटाने का भी काम कर गई है, साथ ही वर्ष 2027 में प्रदेश में भाजपा की वापसी की बिसात बिछाने की पहल भी शुक्रवार को समीरपुर से हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *