https://youtu.be/dHlVZ16ooKo?si=w39yoprB63YZPC7o
शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर पूर्व उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर ने बड़ा हमला बोला है। विक्रम विक्रम ठाकुर ने सरकार को हर मोर्चे पर फेल करार दिया है। उन्होंने सरकार की तुलना पाकिस्तान से करते हुए झूठी खबरें फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने सरकार के BPL के नए सर्वे को लेकर कटघरे में खड़ा किया है।
विक्रम ठाकुर ने शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि सरकार के कार्य आम व्यक्ति के विरोध में है। 50 हजार से कम आय वाले व्यक्ति को बीपीएल में शामिल करने को कहा जा रहा है लेकिन जो परिवार पहले बीपीएल में नहीं हैं उनकी आय 50 हजार से कम न विभाग न पटवारी और न ही प्रधान लिख रहा है। सरकार को इस तुगलकी फरमान की तरफ ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला परिषद कर्मचारियों की नियमितीकरण की मांग पूरी नहीं की गई है। ग्राम केंद्र सेवक, सिलाई अध्यापक, पंचायत चौकीदारों का मानदेय पांच महीनों से नहीं मिला है।
सरकार की खस्ता हालत इस बात से उजागर हो गई है कि अन्सपेंट मनी को वापिस करने की अधिसूचना जारी की गई है। विक्रम ठाकुर ने ऐसी स्थिति में मुख्यमंत्री ओर मंत्रियों को चौराहे पर कटोरा लेकर बैठकर पैसा इकट्ठा करने की सलाह दी है। विक्रम ठाकुर ने लोकनिर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह पर भी निशाना साधते हुए कहा मंत्री समय समय पर ठेकदारों की पेमेंट की की बात कह रहे है लेकिन पेमेंट आज तक नहीं हुई है ऐसे में सरकार ओर मंत्रियों से लोगों को विश्वास उठ गया है।
विक्रम ठाकुर ने कहा कि जब देश का ध्यान युद्ध की स्थिति पर था उस समय में 15 प्रतिशत बस किराए में बढ़ोतरी की गई। अब महिलाओं की पचास प्रतिशत की छूट को खत्म करने की भी बात चल रही है। सरकार से प्रदेश का आम जनमानस दुखी हो गया है। सरकार ने पहले वन मित्र रखे फिर पशु मित्र अब पक्षी मित्र रखे जाएंगे इसी तरह मित्र रखते रखते सरकार तितर बितर हो जाएगी।
