पटियाला: पंजाब के पटियाला में तेज हवा के कारण एक भयानक हादसा हुआ है। थाना बख्शीवाला के अंतर्गत गांव सिद्धूवाल में एक चर्च में प्रार्थना सभा के दौरान वाई-फाई टावर गिरने से एक युवक की मौत हो गई। इस संबंध में थाना बख्शीवाला के एसएचओ सुखदेव सिंह ने बताया कि दोपहर को अचानक तेज बारिश और हवा के कारण चर्च में लगा वाई-फाई टावर गिर गया, जिससे यह हादसा हुआ और राजिंदर सिंह नाम के युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे के तुरंत बाद राजिंदर सिंह को राजिंदरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।एसएचओ ने बताया कि मृतक के माता-पिता विदेश में हैं और रविवार तक लौट आएंगे, जिसके बाद उनके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, मौत की खबर मिलते ही मृतक युवक के परिजन भडक़ गए। उनका कहना है कि उन्हें बच्चे की मौत की सूचना 3 घंटे बाद दी गई, जो सरासर गलत है। अगर मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई और न्याय नहीं मिला, तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
