कांग्रेस के सर्वे में मुकेश अग्निहोत्री-RS BALI टॉपर

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल में दोनों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशियों की तस्वीर लगभग साफ हो गई है। कांगड़ा और हमीरपुर सीट पर कांग्रेस मौजूदा विधायकों पर ही दांव चल सकती है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को हमीरपुर में टक्कर देने के लिए तमाम अटकलों को विराम लगाते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को उतारा जा सकता है। यहां इससे पहले उनकी बेटी आस्था और पूर्व विधायक सतपाल रायजादा के नाम प्रस्तावित किए गए थे, लेकिन कांग्रेस के सर्वे में ये दोनों पिछड़ते हुए नजर आए हैं।

कांग्रेस अनुराग ठाकुर के सामने बड़ा चेहरा उतारना चाह रही है और इसके लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू या उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को उतारने की पैरवी की गई थी। हालांकि प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव को देखते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बतौर स्टार प्रचारक मैदान में हैं।

ऐसे में उपमुख्यमंत्री का इकलौता नाम हमीरपुर सीट पर रह गया है। दिल्ली से इसी हफ्ते कांग्रेस की टिकटों पर फैसला होने की संभावना है और फैसला आते ही कांग्रेस पूरे दमखम से मैदान में उतर जाएगी। कांगड़ा संसदीय सीट पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने खुद मोर्चा संभाल रखा है।

 

मुख्यमंत्री ने धर्मशाला में कांगड़ा के बड़े नेताओं से मुलाकात की है। लोकसभा की टिकट पर इन नेताओं की राय ली गई है। साथ ही यहां धर्मशाला में टिकट के दावेदारों से भी मुख्यमंत्री ने बातचीत की है। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से आशा कुमारी, डा. राजेश शर्मा और अन्य दौड़ से पिछड़ गए हैं। यहां कांग्रेस के सर्वे में नगरोटा बगबां के विधायक और पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली सबसे आगे बने हुए हैं। कांग्रेस के सर्वे में भी कांगड़ा से आरएस बाली को टिकट देने की पैरवी की गई है। बहरहाल, कांग्रेस इन दोनों नेताओं को मैदान में उतारती है, तो लोकसभा चुनाव का रोमांच बढ़ जाएगा। कांग्रेस पहले ही छह सीटों पर उपचुनाव लड़ रही है और दो सीटों शिमला और मंडी में पहले ही विधायकों को उतारा जा चुका है। अब इन दोनों सीटों पर फैसला संभावनाओं के अनुरूप ही आता है, तो चारों सीटों पर विधायकों का दांव लगेगा। हालांकि यह भी साफ है कि बड़े चेहरों को उतारने के साथ कांग्रेस भाजपा को टक्कर देने की स्थिति में होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *