नकवी शिवराज या कैप्टन हो सकते हैं एनडीए के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार, जानिए बन रहें क्या समीकरण

Spread the love

पंजाब दस्तक,नई दिल्ली,पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) द्वारा उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाया जा सकता है।

कैप्टन के जल्द ही अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का भाजपा में विलय करने की तैयारी के बाद इस चर्चा ने जोर पकड़ लिया है। वहीं, उपराष्ट्रपति पद के लिए राजग के प्रत्याशी के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का नाम भी दौड़ में शामिल है।

  • पीएलसी के भाजपा में विलय की तैयारी के बाद चर्चाएं शुरू
  • अगस्त में पूरा होना है उपराष्ट्रपति वेंकैया नायड़ू का कार्यकाल

क्‍या कहते हैं राजनीति के जानकार

राजनीति के जानकारों के अनुसार, भाजपा कैप्टन के सहारे पंजाब को साधना चाह रही है। कैप्टन पंजाब में शहरों से लेकर गांवों तक चर्चित नाम हैं। वह दो बार पंजाब के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। विगत विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कैप्टन ने अपनी पार्टी बनाई और फिर भाजपा के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा।

भाजपा खेल रही हर दांव

हालांकि कैप्टन और उनकी पार्टी के सभी उम्मीदवार यह चुनाव हार गए थे। परंतु भाजपा की नजर 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर पंजाब की सभी 13 सीटों पर है। खासकर सिख समुदाय से नजदीकी बढ़ाने के लिए भाजपा हर दांव खेल रही है। पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी सिख शख्सियतों से मिल चुके हैं।

शिवराज और नकवी भी मजबूत चेहरे

बता दें कि भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान चौथी बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बनें हैं। इसके अलावा वह पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। वहीं, अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी राज्यसभा के सदस्य हैं।

वेंकैया नायडू को ही फिर दिया जा सकता है मौका

भाजपा के नेताओं में यह भी चर्चा है कि वर्तमान उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू को ही एक बार फिर इस पद के लिए मौका दिया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि उनका कार्यकाल 11 अगस्त, 2022 को समाप्त हो रहा है। इससे पहले छह अगस्त को उपराष्ट्रपति के चुनाव होंगे। इसके लिए पांच जुलाई को अधिसूचना जारी होने के बाद 19 जुलाई, 2022 तक उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवार नामांकन भर सकेंगे।

कैप्टन की हुई है सर्जरी

फिलहाल कैप्टन अमरिंदर सिंह लंदन में हैं और पिछले दिनों उनकी रीढ़ की हड्डी की सर्जरी हुई है। इसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, लेकिन वह अभी कुछ दिन लंदन में रहेंगे। कैप्टन के नजदीकी सूत्रों के अनुसार वह 15 जुलाई के आसपास स्वदेश लौट सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *