पंजाब विधानसभा चुनाव में आज इन बड़े चेहरों के रिजल्ट पर रहेगी सबकी नजर?

Spread the love

पंजाब दस्तक(सुरेन्द्र राणा); देश के पांच राज्यों में हुये चुनाव के नतीजे आज आ रहे हैं.  पंजाब की कुल 117 विधानसभा सीटों पर कई उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा. इसमें पंजाब की सियासत में पिछले कई वर्षों से प्रासंगिक बने रहे नेताओं की किस्मत का भी राज खुलेगा.  आइये जानते हैं पंजाब में किस सीट पर कौन से उम्मीदवार की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है.

पंजाब के मौजूदा सीएम चरणजीत सिंह चन्नी की सियासी किस्मत दांव पर लगी हुई है. चन्नी पंजाब में इस बार दो विधानसभा सीटों पहली चमकौर साहिब और दूसरी भदौर से चुनाव लड़ रहे हैं. चमकौर सीट से वह तीन बार से विधायक हैं. लेकिन उनका कहना था कि कांग्रेस ने बरनाला में अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिये उनको भदौर से टिकट दिया था.

आम आदमी पार्टी से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार और संगरूर से दो बार के सांसद भगवंत सिंह मान धुरी विधानसभा से चुनाव लड़ रहे हैं. धुरी विधानसभा सीट संगरूर जिले में आती है जहां से भगवंत मान दो बार के सांसद रह चुके हैं. हालांकि यहां पर उनका मुकाबला कांग्रेस पार्टी के मौजूदा विधायक दलवीर सिंह गोल्डी से है.

सुखबीर सिंह बादल जोकि शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और वह 2009-10 में पंजाब के उपमुख्यमंत्री भी रह चुके हैं. वह प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय नेता प्रकाश सिंह बादल के बेटे हैं. वह फरीदकोट लोकसभा सीट से दो बार के सांसद रहे हैं और इस बार वह जलालाबाद विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. इससे पहले वह यहां से चार बार के विधायक रह चुके हैं. पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने आप नेता भगवंत मान को इस सीट से शिकस्त दी थी.

नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर पूर्वी की सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. पंजाब विधानसभा चुनाव में अमृतसर पूर्व की सीट के चुनावी मुकाबले को काफी खास माना जा रहा है. इस हॉट सीट पर प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता विक्रम सिंह मजीठिया के बीच मुकाबला होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *