हिमाचल में पेंशनरों के आंदोलन और सचिवालय घेराव को लेकर सुरेश ठाकुर का बयान

पेंशनरों के सब्र का बांध टूटा, सरकार के खिलाफ आर-पार की जंग: जॉइंट एक्शन कमेटी के प्रधान सुरेश ठाकुर की दो टूक— “दबाव और FIR की धमकियों से नहीं झुकेगा संगठन; 2016-22 का एरियर हमारा हक, 17 सूत्रीय मांगें पूरी न हुईं तो 1.60 लाख पेंशनर करेंगे सचिवालय का घेराव”

Spread the love

​सुरेंद्र राणा, ब्यूरो चीफ, शिमला (पंजाब दस्तक)
​शिमला: हिमाचल प्रदेश में अपने हक और 2016 से 2022 के बीच के लंबित एरियर की मांग को लेकर सभी विभागों के करीब 1 लाख 60 हजार से अधिक पेंशनरों का आक्रोश अब चरम पर पहुंच गया है। प्रशासन और सरकार के रुख से नाराज पेंशनर जॉइंट एक्शन कमेटी के प्रधान सुरेश ठाकुर ने ‘पंजाब दस्तक’ के ब्यूरो चीफ सुरेंद्र राणा से विशेष बातचीत में सरकार को सीधा और कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने दो टूक कहा कि बुजुर्ग पेंशनर किसी भी तरह के दबाव या एफआईआर (FIR) जैसी डराने-धमकाने वाली कार्रवाइयों से झुकने वाले नहीं हैं। यदि जल्द ही हमारी 17 सूत्रीय मांगों पर बातचीत कर समाधान नहीं निकाला गया, तो प्रदेश भर के पेंशनर सचिवालय की ओर कूच करने को मजबूर होंगे।


​90 साल की उम्र में सड़कों पर क्यों हैं बुजुर्ग? कई साथी स्वर्ग सिधार गए
सुरेश ठाकुर ने भावुक होते हुए कहा कि आज जिन पेंशनरों को अपने घर में बच्चों, पोते-पोतियों और नाती-नातिनों के साथ सुख-शांति से समय बिताना चाहिए था, वे 80 से 90 वर्ष की उम्र में सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा, “हम किसी से खैरात नहीं मांग रहे, बल्कि अपनी खून-पसीने की कमाई का पैसा और 2016 से 2022 के बीच का एरियर मांग रहे हैं, जो हमारा संवैधानिक अधिकार है। दुर्भाग्य की बात है कि अपने हक का इंतजार करते-करते हमारे कई बुजुर्ग साथी स्वर्ग सिधार गए, लेकिन सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है।”


​”हम किसी पार्टी के नहीं, मुख्यमंत्री हमारे भी हैं— फिर हम पर FIR और दबाव क्यों?”
सरकार द्वारा लगाए जा रहे राजनीतिक आरोपों को खारिज करते हुए सुरेश ठाकुर ने स्पष्ट किया कि पेंशनरों का किसी राजनीतिक दल या भारतीय जनता पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा, “जिसकी भी सरकार होगी, हम उसी से अपना हक मांगेंगे। मुख्यमंत्री जी हमारे भी हैं और हम भी उन्हीं के प्रदेश के नागरिक हैं, भला हम अपनी गुहार लेकर और कहां जाएं? हमने मुख्यमंत्री जी के खिलाफ कभी कोई गलत शब्द नहीं बोला, फिर भी बातचीत करने के बजाय उल्टा हम पर दबाव बनाया जा रहा है और आठ लोगों पर एफआईआर दर्ज कर डराने-धमकाने का काम किया जा रहा है, जो बेहद निंदनीय है।”


​विधायकों के आगे जोड़े हाथ, जानबूझकर नहीं लगाया जाम:
पिछले प्रदर्शन के दौरान हुए ट्रैफिक जाम और एफआईआर पर सफाई देते हुए सुरेश ठाकुर ने कहा कि सब कुछ लाइव कैमरों के सामने हुआ है। उन्होंने बताया कि विधानसभा जाते समय हमने पक्ष-विपक्ष का भेदभाव किए बिना कुल्लू से भाजपा विधायक सुरेंद्र शौरी सहित वहां से गुजर रहे कई विधायकों के आगे दोनों हाथ जोड़कर विनम्र निवेदन किया कि वे हमारी बात मुख्यमंत्री तक पहुंचाएं और हमारी मुलाकात करवाएं। दो-दो मिनट बात करके सभी विधायकों को सम्मानपूर्वक जाने दिया गया। जब करीब 10,000 बुजुर्ग शांतिपूर्ण ढंग से चल रहे थे, तो स्वाभाविक रूप से थोड़ी देर के लिए ट्रैफिक रुक गया, लेकिन किसी ने भी जानबूझकर रास्ता नहीं रोका। इसके बावजूद प्रशासन ने बुजुर्गों के साथ गलत व्यवहार किया।


​एक परिवार में 12 से 15 वोट, सरकार को याद दिलाई ताकत:
सुरेश ठाकुर ने सरकार को चेताया कि प्रदेश के 1 लाख 60 हजार पेंशनरों को कमजोर समझने की भूल न की जाए। एक-एक पेंशनर के परिवार में 12 से 15 वोट हैं। हम टकराव नहीं चाहते, सिर्फ सम्मानपूर्वक बातचीत और अपनी 17 सूत्रीय मांगों का समाधान चाहते हैं। यदि सरकार ने संवाद के दरवाजे नहीं खोले और दमनकारी नीति जारी रखी, तो आगामी दिनों में सचिवालय के बाहर ऐतिहासिक घेराव होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


​पंजाब दस्तक की मुहिम— आपकी आवाज, शासन तक:
‘पंजाब दस्तक’ हर उस आवाज को प्रमुखता से उठाता है जो जनहित, बुजुर्गों के सम्मान और हकों से जुड़ी है। समाज के किसी भी वर्ग की कोई भी समस्या या आवाज हो, हम उसे शासन-प्रशासन के गलियारों तक मजबूती से पहुंचाते रहेंगे।
​प्रदेश और देश की हर बड़ी और निष्पक्ष खबर सबसे पहले देखने के लिए देखते रहें ‘पंजाब दस्तक, सच की आवाज’। हमारे चैनल को सब्सक्राइब और पेज को फॉलो जरूर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *