आज की ताज़ा ख़बरें — सुरेंद्र राणा, ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक
कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली के लिए हिमाचल प्रदेश से कल शाम बसों और अपनी निजी गाड़ियों से हज़ारों कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हुए। कांग्रेस के दावे के अनुसार आज सुबह तक लगभग 10 से 12 हज़ार हिमाचली कार्यकर्ता दिल्ली के रामलीला मैदान पहुँच चुके हैं। मैदान में कार्यकर्ता “राहुल गांधी ज़िंदाबाद”, “मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ज़िंदाबाद”, “प्रियंका गांधी ज़िंदाबाद” और “कांग्रेस पार्टी ज़िंदाबाद” के गगनभेदी नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं।
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का भाजपा पर तीखा हमला: ‘संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रही है कांग्रेस’
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस देश में संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को बचाने की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि यदि देश में लोकतंत्र न होता तो भाजपा की सरकारें न बनतीं, जबकि कांग्रेस ने कभी संस्थाओं से छेड़छाड़ नहीं की।
शिमला में पूर्व पीएम स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा: सीएम सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री व प्रतिभा सिंह ने अर्पित किए श्रद्धा सुमन
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा सिंह ने उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर देश की अखंडता में उनके अमूल्य योगदान को याद किया।
हिमाचल हाई कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला: प्रदेश सरकार को सचिवालय पेंशनरों का 50-50% बकाया एरियर 15 दिसंबर 2026 और 28 फरवरी 2027 तक चुकाने के आदेश
हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट की डबल बेंच ने सचिवालय पेंशनरों के महत्वपूर्ण मामले में राज्य सरकार (Respondents) को कुल बकाया एरियर का 50% हिस्सा 15 दिसंबर 2026 तक और शेष 50% एरियर 28 फरवरी 2027 तक चुकाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
श्रीमती नीलम चौहान ने जताया सभी पेंशनरों का आभार: श्रीमती नीलम चौहान ने सभी रिटायर्ड पेंशनरों व कार्यकारिणी का आभार जताते हुए इसे बुजुर्ग पेंशनरों के अटूट आत्मविश्वास, एकजुटता और लंबे संघर्ष की जीत बताया।
एसोसिएशन की प्रतिक्रिया: सचिवालय पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष मदन शर्मा, श्रीमती नीलम चौहान और भूपराम वर्मा ने इसे सत्य की बड़ी जीत बताते हुए सभी पेंशनरों को बधाई दी।
‘चुनाव हारने पर कांग्रेस को नज़र आती है वोट चोरी’: अनुराग सिंह ठाकुर का पलटावार
भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस जब चुनाव जीतती है तो सब ठीक रहता है, लेकिन हारते ही EVM और वोट चोरी के मनगढ़ंत आरोप लगाने लगती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास आरोपों का कोई ठोस सबूत नहीं है।
सुक्खू सरकार का 633 शिक्षकों को बड़ा तोहफा: बने हेडमास्टर, पर जॉइनिंग में देरी की तो रद्द होगी पदोन्नति
प्रदेश सरकार ने शिक्षा विभाग में लंबे समय से पदोन्नति का इंतज़ार कर रहे 633 पात्र शिक्षकों को हेडमास्टर/हेडमिस्ट्रेस के पद पर प्रमोट कर बड़ा तोहफा दिया है।
शर्तें और चेतावनी: विभागीय आदेशानुसार 30 किमी या कम दूरी वाले नए तैनाती स्थल पर 1 दिन के भीतर तथा 30 किमी से अधिक दूरी पर 5 दिन के भीतर कार्यभार संभालना अनिवार्य होगा।
सख्त निर्देश: निर्धारित समय में जॉइन न करने पर प्रमोशन निरस्त मानी जाएगी और 1 साल तक अगली पदोन्नति नहीं मिलेगी। वेतन निर्धारण के लिए 1 महीने के भीतर विकल्प देना होगा तथा ये पदोन्नतियां सुप्रीम कोर्ट में लंबित फैसले के अधीन रहेंगी।
जूनियर ऑफिस असिस्टेंट भर्ती पर हिमाचल हाई कोर्ट सख्त: शिक्षा सचिव को किया तलब
हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने स्कूलों में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (लाइब्रेरी) के पदों को नियमित रूप से भरने के बजाय अलग नीति लाने पर कड़ा संज्ञान लिया है। अदालत ने बिना विश्वास में लिए भर्ती प्रक्रिया बदलने पर नाराजगी जताते हुए शिक्षा सचिव को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने दवाओं की कीमतों में MRP के नाम पर हो रही लूट पर जताई चिंता
पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने दवाइयों की भारी कीमतों पर चिंता जताते हुए कहा कि ₹27 की लागत वाली दवा का ₹27,000 में बिकना बेहद गंभीर मुद्दा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जेनेरिक और ब्रांडेड दवाओं की गुणवत्ता में कोई अंतर नहीं होता, इसलिए सरकार इस लूट पर सख्त कदम उठाए।
हिमाचल के खिलाड़ियों पर धन वर्षा: सावन परवाल को 2.64 करोड़ और रेणुका सिंह ठाकुर को 2.20 करोड़ की सम्मान राशि
शिमला के पीटरहॉफ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सरकार ने 419 प्रतिभावान खिलाड़ियों को ₹17.85 करोड़ की पुरस्कार राशि बांटी। मैराथन में रजत पदक विजेता सावन परवाल को ₹2.64 करोड़ और महिला क्रिकेटर रेणुका सिंह ठाकुर को ₹2.20 करोड़ देकर सम्मानित किया गया।
हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: IPS संजीव गांधी को GIC के MD का जिम्मा
प्रदेश सरकार ने अहम प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 2012 बैच के IPS अधिकारी संजीव गांधी को GIC का नया एमडी नियुक्त किया है। वहीं सुरेंद्र कुमार को नौणी यूनिवर्सिटी का नया रजिस्ट्रार और भूपेंद्र अत्री को HPSIDC शिमला में तैनाती दी गई है।
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग: असिस्टेंट स्टाफ नर्स भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित
राज्य चयन आयोग ने स्वास्थ्य विभाग में असिस्टेंट स्टाफ नर्स के 780 पदों के लिए आयोजित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। उत्तीर्ण 1,849 अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 6 नवंबर से शुरू होगी।
शिमला-मटौर फोरलेन: खट्टा टोल प्लाजा के खिलाफ एकजुट हुई 12 पंचायतें
खट्टा टोल प्लाजा पर NHAI की मनमानी के खिलाफ चंगर क्षेत्र की 12 से अधिक पंचायतें एकजुट हो गई हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने 6 नवंबर को टोल प्लाजा के खिलाफ बड़े आर-पार के प्रदर्शन का निर्णय लिया है।
IIT मंडी का हिमाचली युवाओं को तोहफा: NET और GATE में छूट, स्टार्टअप्स के लिए ₹15,000 प्रति माह
IIT मंडी के निदेशक प्रोफेसर लक्ष्मीधर बेरा ने बताया कि संस्थान में हिमाचली छात्रों की संख्या 3.6 गुना बढ़ी है। राज्य के योग्य स्नातकों को GATE और NET से छूट दी जा रही है तथा स्टार्टअप्स के लिए ₹15,000 प्रति माह की सहायता दी जाएगी।
रोहड़ू में दर्दनाक सड़क हादसा: कार पलटने से मां-बेटे समेत 5 लोगों की मौत
शिमला जिले के रोहड़ू के दरोटी गांव के पास शनिवार सुबह कार हादसे में मां-बेटे (कुशल और कल्पना) समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में घायल एक व्यक्ति को IGMC शिमला रेफर किया गया है।
धर्मशाला: बस की टक्कर से स्कूटी सवार 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत
पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गगल के मांजी पुल के पास एक निजी बस की भीषण टक्कर से स्कूटी सवार संदीप कुमार (40) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
]जलवायु परिवर्तन का मुकाबला कर रहे हिमाचल के गाँव: CEEW की रिपोर्ट जारी
CEEW की रिपोर्ट के अनुसार मंडी, कुल्लू, सिरमौर और शिमला की 12 पंचायतों के किसान नई फसलें अपनाकर जलवायु परिवर्तन के अनुकूल ढल रहे हैं। शोघी में राज्य की पहली ग्राम आपदा प्रबंधन समिति भी गठित की गई है।
मनाली मैराथन का आगाज: रोहतांग दर्रे तक दौड़े 1100 से अधिक धावक
मनाली में चौथी मैराथन का आगाज हुआ जिसमें 1100 से अधिक देशी-विदेशी धावकों ने भाग लिया। 100 किमी की अल्ट्रा मैराथन में धावकों ने मनाली से 13,058 फीट ऊँचे रोहतांग दर्रे तक दौड़ लगाई।
मौसम का मिज़ाज: हिमाचल के मध्यम और ऊँचे इलाकों में बारिश व ठंड बढ़ने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 1 और 2 नवंबर को प्रदेश के मध्यम और अधिक ऊँचे इलाकों में मौसम खराब रहने और बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में भारी गिरावट आएगी।
ऐसी ही सटीक और जमीनी खबरों के लिए जुड़े रहें हमारे पंजाब दस्तक के साथ, खबरों को शेयर करें, लाइक करें और कमेंट्स अवश्य दें।
