हिमाचल में डॉक्टरों की पीजी पढ़ाई और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार के निर्देश

सुक्खू सरकार का बड़ा फ़ैसला: डॉक्टरों की पीजी का रास्ता साफ़, विदेशों में नई तकनीक सीखेंगे मेडिकल छात्र

Spread the love

​ई-हेल्थ मिशन : 20 अक्टूबर तक रेडियोलॉजी का संपूर्ण डाटा होगा डिजिटाइज्ड


​रोज़गार व सेवाएं : मेडिकल कॉलेजों में नर्सों और तकनीशियनों की त्वरित भर्ती के निर्देश


​सुपर स्पेशियलिटी : चमियाना संस्थान में स्थापित होंगे ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’


​वरिष्ठ पत्रकार काजल, शिमला (पंजाब दस्तक ब्यूरो)
​शिमला: हिमाचल प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और दूरदराज के क्षेत्रों तक आधुनिक उपचार उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक फेरबदल का खाका तैयार किया है। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में कार्यरत ट्रेनी फिजिशियनों के लिए स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम करने की राह में आ रही प्रशासनिक बाधाओं को दूर करते हुए इसे हरी झंडी दे दी गई है। इसके साथ ही सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने के इच्छुक चिकित्सकों को भी आगे की पढ़ाई की मंजूरी दे दी गई है। सरकार का मुख्य ध्येय यह सुनिश्चित करना है कि उच्च और अति-विशिष्ट प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद यह डॉक्टर प्रदेश लौटें और यहां के आम मरीजों को जटिल बीमारियों के इलाज के लिए बाहरी राज्यों का रुख न करना पड़े।
​मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस संबंध में प्रशासनिक स्तर पर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।


​वैश्विक स्तर पर एक्सपोजर हासिल करेंगे मेडिकल छात्र
​भावी चिकित्सकों को दुनिया भर की अत्याधुनिक कार्यप्रणाली और तकनीकों से रूबरू कराने के मकसद से सरकार ने मेडिकल विद्यार्थियों को विदेशों में एक्सपोजर विजिट पर भेजने की योजना बनाई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि छात्रों की चयन प्रक्रिया को तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। इस पहल के पीछे सरकार की सोच है कि विदेशों से अर्जित नई पद्धतियों और चिकित्सा ज्ञान का सीधा उपयोग हिमाचल के अस्पतालों में भर्ती गंभीर मरीजों के उपचार में किया जा सके।


​20 अक्टूबर तक एंड-टू-एंड डिजिटल होगा रेडियोलॉजी डाटा
​अस्पतालों में जांच प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों को 20 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम दिया गया है। इसके तहत रेडियोलॉजी विभाग की एमआरआई, सीटी स्कैन, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड से संबंधित सभी रिपोर्टों और डाटा को ‘एंड-टू-एंड’ डिजिटल करना अनिवार्य होगा। इस व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू करने के लिए सरकार कॉलेजों को जरूरी तकनीकी मानव संसाधन भी उपलब्ध करवाएगी।


​खाली पदों पर होगी त्वरित भर्ती
​अस्पतालों में कर्मचारियों की कमी के चलते मरीजों को पेश आने वाली दिक्कतों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी मेडिकल कॉलेजों से नर्सों और तकनीशियनों के खाली पदों का विभागवार ब्योरा मांगा है। रिपोर्ट मिलते ही इन रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया तेज की जाएगी, ताकि वार्डों और आपातकालीन इकाइयों में प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित हो सके।


​चमियाना में विकसित होंगे ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’
​राज्य में विशेषज्ञ स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार सभी मेडिकल कॉलेजों और अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटीज (चमियाना) में विशेषज्ञ विभागों को ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में विकसित करने की दिशा में बढ़ रही है। चमियाना में पहले चरण में दो से चार प्रमुख विभागों का चयन किया जाएगा, जहां जटिल, दुर्बल और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को मल्टी-डिसिप्लिनरी इलाज एक ही छत के नीचे मिल सकेगा।


​ऐसी ही सटीक खबरें देखने के लिए पंजाब दस्तक चैनल को सब्सक्राइब करें, फॉलो करें, देखते रहें पंजाब दस्तक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *