बद्दी-बरोटीवाला में 1 लाख रुपये रिश्वत मामले में विजिलेंस की कार्रवाई

​विजिलेंस का बड़ा धमाका: बद्दी-बरोटीवाला में 1 लाख की घूस लेते महिला पटवारी रंगे हाथों दबोची; सरकारी तनख्वाह से नहीं भरी हवस तो ‘ऊपरी कमाई’ का खुला खेल

Spread the love

पंजाब दस्तक
​सोलन / बरोटीवाला (वरिष्ठ पत्रकार मीनाक्षी):


औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन (बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़) में सरकारी कुर्सियों पर बैठकर जनता को लूटने वालों पर विजिलेंस ने जोरदार शिकंजा कसा है। बरोटीवाला पटवार सर्कल में तैनात एक महिला पटवारी को विजिलेंस थाना बद्दी की टीम ने 1 लाख रुपये की मोटी घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।


​सरकारी तनख्वाह से नहीं भर रहा पेट, रिश्वतखोरी में महिलाएं भी आगे
सरकार से हर महीने मोटी तनख्वाह और भत्ते लेने के बावजूद इन मुलाजिमों की ‘ऊपरी कमाई’ की हवस खत्म होने का नाम नहीं ले रही। अब हालात यह हो चुके हैं कि भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के इस खेल में महिला मुलाजिम भी किसी से पीछे नहीं हैं। आम जनता के जायज काम अटकाकर खुलेआम लाखों की सौदेबाजी की जा रही है।


​विजिलेंस के ट्रैप में ऐसे फंसी घूसखोर पटवारी
बरोटीवाला के एक पीड़ित व्यक्ति ने विजिलेंस से लिखित शिकायत की थी कि महिला पटवारी उसका काम करने की एवज में लगातार भारी-भरकम रकम की डिमांड कर रही है। शिकायत पर एक्शन लेते हुए विजिलेंस थाना बद्दी के प्रभारी अनिल मेहता की टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के मुताबिक जैसे ही शिकायतकर्ता ने महिला पटवारी के हाथ में केमिकल लगे 1 लाख रुपये थमाए, विजिलेंस ने तुरंत धावा बोलकर उसे नोटों समेत मौके पर ही दबोच लिया। हाथ धुलवाते ही केमिकल का रंग उतर आया और घूसखोरी का सारा खेल बेनकाब हो गया।


​अदालत में पेशी और रिमांड की तैयारी
आईजी विजिलेंस विमल गुप्ता ने मामले की पुष्टि करते हुए साफ किया कि आरोपी महिला पटवारी को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया है। भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है, ताकि यह राज भी खुल सके कि इस घूसखोरी के धंधे में और कौन-कौन से चेहरे शामिल हैं।
​सटीक, निष्पक्ष और बेबाक खबरों के लिए देखते रहें पंजाब दस्तक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *