हमीरपुर, सुरेंद्र राणा:हिमाचल में पंचायतीराज चुनावों के बीच राजपूत कल्याण सभा ने सभी दलों से अनारक्षित वार्ड में सिर्फ सामान्य वर्ग के प्रत्याशी को समर्थन देने की मांग की है। सभा ने बिझड़ वार्ड से गैर-सामान्य वर्ग के प्रत्याशी को समर्थन देने पर एक दल को चेताया कि अगर सामान्य वर्ग का प्रत्याशी नहीं उतारा तो विरोध करेंगे।
हमीरपुर में जिला राजपूत कल्याण सभा ने प्रेस नोट जारी कर राजनीतिक दलों से अपील की है कि जिला परिषद के अनारक्षित वार्डों में केवल सामान्य वर्ग के प्रत्याशियों को ही समर्थन दें।
सभा के अध्यक्ष जोगिंदर ठाकुर ने कहा कि जिला में कुल 19 जिला परिषद वार्ड हैं। इनमें 2 SC, 3 SC महिला, 3 OBC महिला, 5 सामान्य महिला और 6 अनारक्षित हैं। 19 में से 13 वार्ड आरक्षित होने के बावजूद अगर कोई दल अनारक्षित वार्ड से आरक्षित वर्ग के प्रत्याशी को समर्थन देता है तो यह सामान्य वर्ग के अधिकारों पर डाका है।
सभा ने कहा कि आरक्षित वार्ड में मतदाता विवेक से बेहतर प्रत्याशी चुनें, लेकिन अनारक्षित वार्ड में किसी भी हालत में सामान्य वर्ग के प्रत्याशी को ही चुनें।
जानकारी के अनुसार एक दल ने बड़सर विधानसभा क्षेत्र के बिझड़ वार्ड से अनारक्षित होने के बावजूद गैर-सामान्य वर्ग के सदस्य को समर्थित प्रत्याशी घोषित किया है। सभा ने मांग की कि उक्त दल तुरंत सामान्य वर्ग के प्रत्याशी को समर्थन दे, वरना राजपूत सभा उस प्रत्याशी का विरोध करेगी और सामान्य वर्ग के प्रत्याशी को जिताने के लिए प्रचार करेगी।
जोगिंदर ठाकुर ने कहा कि जब सामान्य वर्ग आरक्षित पदों पर चुनाव नहीं लड़ सकता तो दलों का नैतिक कर्तव्य है कि राजपूत, ब्राह्मण और बनिया समाज के हकों से खिलवाड़ न करें। बिझड़ में सैकड़ों राजपूत, ब्राह्मण, बनिया परिवार हैं। हजारों पात्र उम्मीदवारों के बावजूद किसी को समर्थन न देना दलों के उपेक्षापूर्ण रवैये को दर्शाता है।
सभा ने चेताया कि अगर बिझड़ में सामान्य वर्ग का प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया तो उसकी हार सुनिश्चित करने के लिए प्रचार किया जाएगा।
