शिमला, सुरेंद्र राणा:प्रदेश में मौसम के बदले मिजाज के बीच गर्मी ने अचानक तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इससे लोगों को अप्रैल में ही जून जैसी गर्मी का अहसास होने लगा है। राज्य के निचले और मैदानी क्षेत्रों में दिन के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है, जबकि ठंडे माने जाने वाले हिल स्टेशनों में भी दोपहर के समय गर्मी का असर साफ देखा जा रहा है। पर्यटक स्थलों शिमला व मनाली में भी दोपहर के समय चहल-पहल कम हो गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के औसतन अधिकतम तापमान में करीब 3.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे ज्यादा तापमान ऊना में 38.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। इसके अलावा कांगड़ा में 35.2 डिग्री, सुंदरनगर में 35 डिग्री, बरठीं में 34.7 डिग्री, मंडी में 34.4 डिग्री, भुंतर में 33 डिग्री और नाहन में 32.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इन इलाकों में गर्मी का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
