शिमला, सुरेन्द्र राणा: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को कैबिनेट की बैठक के बाद शुक्रवार दिल्ली चले गए हैं। वह शनिवार को वहां से कोलकाता जाएंगे और फिर पश्चिम बंगाल के चुनाव में कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगे। कांग्रेस पार्टी ने मुख्यमंत्री सुक्खू को स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल कर रखा है। इससे पहले वह असम में भी चुनाव प्रचार के लिए गए थे। मुख्यमंत्री पश्चिम बंगाल के कोलकाता में पहुंचने के बाद प्रेस वार्ता को भी संबोधित कर सकते हैं। कांग्रेस पश्चिम बंगाल में अपने तौर पर चुनाव लड़ रही है। वहां विपक्ष का इंडिया एलाइंस के तौर पर कोई चुनावी समझौता नहीं है। राहुल गांधी ने भी पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार की शुरुआत इसी बात से की थी कि भाजपा को तृणमूल कांग्रेस नहीं रोक सकती। इसके लिए कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है, जो भाजपा को हरा सकती है। इसलिए अब हिमाचल के मुख्यमंत्री भी पार्टी के चुनाव प्रचार में शामिल होंगे। पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को आखिरी दौर का मतदान है और चार मई को सभी राज्यों के नतीजे आने हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू की शिमला वापसी अब 22 अप्रैल के आसपास हो सकती है।दिल्ली में सीएम सुक्खू से मिले सांसद अनुराग शर्मामुख्यमंत्री के दिल्ली पहुंचने के बाद हिमाचल सदन में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने उनसे मुलाकात की। अनुराग शर्मा ने गुरुवार को ही सांसद पद की शपथ ली थी। कांग्रेस पार्टी ने अनुराग शर्मा को प्रत्याशी बनाया था। उन्होंने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की।
