सो रही पत्नी का कुल्हाड़ी से काटा गला, मौके पर मौत, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शुरू की जांच

Spread the love

ऊना, मीनाक्षी: उपमंडल जयसिंहपुर के अंतर्गत आने वाले गांव कुटाहन में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक जघन्य वारदात सामने आई है। एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लंबागांव निवासी 37 वर्षीय सन्नी कुमार अपनी पत्नी और बच्चों सहित कुटाहन में अपने बड़े भाई सुनील कुमार के घर आया हुआ था। सोमवार रात करीब 3:30 के करीब जब सब गहरी नींद में थे, तो सन्नी कुमार ने अचानक कुल्हाड़ी उठाई और अपनी पत्नी काल्टी देवी की गर्दन पर जोरदार प्रहार कर दिया। घाव इतना गहरा था कि काल्पी देवी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही लंबागांव पुलिस थाना प्रभारी कुलदीप चंद की अगवाई में टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। साक्ष्यों को जुटाने के लिए धर्मशाला से फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी बुलाई गई है, जो जांच कर रही है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फोरेंसिक टीम द्वारा मौके से सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। डीएसपी बैजनाथ ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के पिता चूहडू राम और मामा पूर्ण चंद परिजनों सहित मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है। आरोपी के तीन बच्चे एक बेटी व दो बेटे हैं। डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जिस हथियार से उसने अपनी पत्नी पर हमला किया था उसे भी बरामद कर लिया है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से तफ्तीश कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा भेज दिया गया है व आरोपी को बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *