पंजाब , ब्यूरो:फरीदकोट पुलिस ने जीरो टॉलरेंस पॉलिसी के तहत काम करते हुए एक बिजनेसमैन से दो लाख रुपए की फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले को सुलझाने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस साजि़श में शामिल आरोपी की मां को भी गिरफ्तार किया है। एसएसपी फरीदकोट डाक्टर प्रज्ञा जैन ने एसपी (एनडीपीएस) रमनदीप सिंह के डायरेक्शन में बताया कि गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी की पहचान दीपक शर्मा कोटकपुरा के तौर पर हुई है।पुलिस ने उसकी मां को 12 फरवरी को ही गिरफ्तार कर लिया था। कोटकपूरा के एक बिजनेसमैन ने शिकायत की थी कि साल 2020 में उनके पेट्रोल पंप पर सेल्समैन का काम करने वाला दीपक शर्मा इंस्टाग्राम और व्हॉट्सऐप के ज़रिए उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा था। आरोपी ने 6 महीने पहले 2 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी और उसकी मां भी बिजनेसमैन को पैसे देने के लिए धमका रही थी। पुलिस स्टेशन सिटी कोटकपूरा में बीएनएस की अलग.अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
