चमियाना अस्पताल में इंसान की कटी टांग मुंह में लेकर इधर-उधर भागता रहा कुत्ता, जानें पूरा मामला

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में मेडिकल वेस्ट को ठिकाने लगाने की व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई है। अस्पताल परिसर में मंगलवार को एक कुत्ता इंसान की कटी टांग को मुंह में लेकर इधर-उधर भागता रहा। इसे देखकर परिसर में मौजूद मरीज और तीमारदारों में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन को दी गई। अस्पताल के सफाई स्टाफ ने किसी तरह से टांग को कुत्ते से छुड़वाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो गया।

प्रशासन की ओर से की गई अब तक की जांच में खुलासा हुआ कि 19 फरवरी को सीटीवीएस विभाग में मरीज की सर्जरी हुई। अस्पताल के बायो मेडिकल वेस्ट भवन में सर्जरी के दौरान काटे गए अंग को निपटान के लिए प्लास्टिक बैग में पैक कर रखा गया। 21 फरवरी की रात को जब इस अंग को अपशिष्ट केंद्र में पहुंचाया गया तो सफाई कर्मचारी ने दरवाजा खुला छोड़ दिया। इसकी निगरानी नहीं की गई। इसी बीच कुत्ता कटे अंग का पैकेट उठाकर ले गया। खाली पैकेट अगले दिन कर्मचारी को परिसर में मिला था।

सफाई कर्मचारियों ने कटे अंग को अपने स्तर पर खोजने का प्रयास किया और इसको लेकर प्रशासन को सूचित नहीं किया। मंगलवार को कुत्ते को मुंह में टांग को देखा तो कर्मियों ने उसे छीनने का प्रयास किया। कुत्ता आक्रामक हो गया और भाग गया। कुत्ते का अभी तक पता नहीं चल सका है। कई मर्तबा बीमारी के कारण किसी अंग से संक्रमण पूरे शरीर में फैलने का खतरा पैदा हो जाता है, उसे काट दिया जाता है। अस्पताल में ऐसी सर्जरी होने के बाद काटे गए अंग को मेडिकल वेस्ट के लिए बने केंद्र में रख दिया जाता है। इसके बाद इसे ठिकाने लगाया जाता है।

सफाई कर्मी, पर्यवेक्षक को कारण बताओ नोटिस
 जांच में इस पूरी घटना के लिए सफाई कर्मी और सफाई पर्यवेक्षक की चूक सामने आई है। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. सुधीर शर्मा ने बताया कि इन दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। जवाब आने के बाद आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सफाई ठेकेदार को बायो मेडिकल वेस्ट के उचित भंडारण और समय से निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। डॉ. शर्मा ने बताया कि अभी तक की जांच में 21 फरवरी की रात को ड्यूटी में तैनात सफाई कर्मचारी और पर्यवेक्षक के स्तर पर चूक जांच में साबित हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *