नालागढ़ में कार सवारों ने चलाई गोलियां, पुरानी रंजिश के चलते कहासुनी पर हुई फायरिंग

Spread the love

नालागढ़, मीनाक्षी: औद्योगिक कस्बे नालागढ़ के तहत प्लासड़ा रोड पर मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब कार में सवार पांच-छह युवकों ने अचानक हमला कर फायरिंग कर दी। हमलावरों ने गोली चलाते हुए दो युवकों को निशाना बनाया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवकों के हाथों व टांगों में छर्रे लगे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र की नाकेबंदी कर दी है। पुलिस के अनुसार दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला हिंसक झड़प में बदल गया। घायलों के अनुसार कार में आए हमलावरों ने आते ही हमला बोल दिया और देसी कट्टे से फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घायलों की पहचान स्थानीय निवासी रिक्की और नीरज के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटज खंगाली जा रही है। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने स्वयं मौके का दौरा किया तथा अस्पताल पहुंचकर घायलों से भी मुलाकात की। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास तथा आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसपी विनोद धीमान का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *