पंचायत चुनावों से पहले किया जाएगा मंत्रिमंडल में फेरबदल, मनाली में विंटर कार्निवल की शुरुआत करते हुए बोले सीएम सुक्खू, परफार्मेंस पर रहेगी नजर

Spread the love

कुल्लू,काजल:हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव से पहले मंत्रिमंडल में फेरबदल किया जाएगा। इसके अलावा मंत्रिमंडल में हर मंत्री की परफार्मेंस जांची जाएगी और उस हिसाब से उन्हें मंत्रिमंडल में स्थान भी दिया जाएगा, यह बात मनाली पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कही। मुख्यमंत्री ने मनाली में पांच दिवसीय राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवाल का शुभारंभ करने के दौरान कहा कि सरकार के द्वारा अब जल्द ही मंत्रिमंडल में फेर बदलकर नए लोगों को भी जगह दी जाएगी। ऐसे में पंचायत चुनावों से पहले मंत्रिमंडल में फेरबदल कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के द्वारा पेट्रोल और डीजल पर सेस लगाने का निर्णय लिया गया है। हालांकि पंजाब और हरियाणा में तेल के दाम हिमाचल से अधिक हंै और सेस लगाने से भी सरकार को अधिक फायदा नहीं होगा, लेकिन इससे जो भी पैसा एकत्र होगा, उससे प्रदेश के गरीब परिवारों की मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि विदेशी सेब पर आयात शुल्क को लेकर भी प्रदेश के बागबानों में नाराजगी है। इस मुद्दे को उन्होंने केंद्र सरकार के समक्ष भी उठाया और केंद्र सरकार ने उनकी बात को प्रमुखता से सुना है। न्यूजीलैंड आने वाले सेब के आयात शुल्क के मुद्दे को लेकर प्रदेश के बागबान तथा केंद्र सरकार के अधिकारी जल्द ही केंद्रीय मंत्री के साथ मुलाकात करेंगे और सेब बागबानों का पक्ष भी इसमें रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व विभाग का भी अब अपना पोर्टल तैयार किया जा रहा है।इससे लोगों की रजिस्ट्री घर पर ही होगी। राजस्व विभाग के काम ऑनलाइन होने से अब लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे। इसके अलावा अब सभी जिला के डीसी को भी पावर दी गई है। जिस जगह पर अगर पटवार सर्कल खाली हो, तो वहां 40000 में पटवारी, 50000 में कानूनगो, 60000 में नायाब तहसीलदार तथा 70000 में तहसीलदार की नियुक्ति कर सकते हैं। राजस्व विभाग के सभी कार्य ऑनलाइन होने से रजिस्ट्री सहित प्रमाण पत्र बनाने के कार्य आसान हो जाएंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि ब्यास नदी की बाढ़ से जिला कुल्लू में काफी नुकसान हुआ है। ऐसे में पहले भी जिला कुल्लू में 150 करोड़ रुपए की राशि मिटिगेशन कार्य के तहत खर्च की जा चुकी है। अब मनाली विधानसभा में 250 करोड़ रुपए की लागत से रिवर फ्रंट बनाया जाएगा और यहां पर एक वॉकिंग ट्रेल का भी निर्माण किया जाएगा। इस पर भी अब जल्द कार्य शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विंटर कार्निवाल के अवसर पर 63 करोड़ रुपए के उद्घाटन व शिलान्यास किए गए हैं। वहीं एडीबी के माध्यम से वेलनैस सेंटर का भी निर्माण कार्य किया जा रहा है। मनाली में पर्यटन को विकसित करने के लिए भी स्थानीय विधायक व प्रशासन के साथ नई योजना तैयार की जा रही है। इसके अलावा मनाली में पांच बीघा भूमि पर मल्टीप्लेक्स बनाया जाएगा और वहां पर एक पार्किंग का भी निर्माण किया जाएगा। इसी साल यह कार्य शुरू करने के लिए सरकार ने योजना बनाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *